राम रहीम पर आने वाले फैसले को लेकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद होने का दावा कर रही है। राम रहीम के नाम की बनाई गई 17 फेसबुक आईडी पुलिस के रडार पर है। जिस पर पुलिस लगातार नजर रखे है। फेसबुक पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर एसपी ने केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
पंचकूला में बवाल के दौरान सोशल मीडिया पर भी कुछ लोगों ने अफवाह फैलाई थी। राम रहीम की पेशी को लेकर पुलिस सक्रिय है। एसपी के निर्देश पर साइबर सेल और आईटी सेल को भी राम रहीम के मद़्देनजर सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा गया है। राम रहीम के नाम की फेसबुक पर बनाई गई 17 आईडी की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस की अभी तक की जांच में सामने आया है कि उक्त आईडी पर दो दिन से कोई पोस्ट नहीं की गई है। एसपी ने कहा कि यदि कोई भड़काऊ या फिर आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर करता है उस पर तत्काल केस दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा एसपी ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध या फिर असामाजिक तत्व की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम 01262-100, 247894, 9996464100 पर दी जा सकती है। तुरंत पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
नाम चर्चा घर पर लटका ताला
राम रहीम पर आने वाले फैसले के चलते पुलिस नाम चर्चा घर और डेरों पर भी नजर रख रही है। बोहर स्थित नाम चर्चा घर पर गुरुवार को दिन भर ताला लटका रहा। सीआईडी भी नाम चर्चा घर पर नजर रखे हुए थी।