शिरोमणि अकाली दल (टकसाली) के प्रधान सांसद रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, पूर्व मंत्री रतन सिंह अजनाला और पूर्व मंत्री सेवा सिंह सेखवां ने अब मालवा का रुख किया है। तीनों दिग्गज नेता वीरवार को पूर्व सांसद राजदेव सिंह खालसा के घर पहुंचे और उन्हें शिअद (टकसाली) की मालवा क्षेत्र की कमान सौंपी। इस अवसर पर ब्रह्मपुरा ने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल बादल को छोड़कर आगामी लोकसभा चुनाव में किसी भी पार्टी से समझौता किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अकाली दल टकसाली को मालवा में मजबूत करने के लिए उन्होंने पूर्व सांसद राजदेव सिंह खालसा का साथ लिया है। ब्रह्मपुरा ने कहा कि अकाली भाजपा और कांग्रेस को भगाने के लिए सभी हमख्याली पार्टियों को एक मंच पर आ जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा उनके लगातार संपर्क में हैं, हर रोज उनसे बात होती है।
सेखवां ने कहा कि वह बादल परिवार के कब्जे से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को छुड़वाने के लिए एचएस फूलका द्वारा बनाए गए सिख सेवक संगठन से भी हिमायत ले सकते हैं और उसको हिमायत दे भी सकते हैं। रतन सिंह अजनाला ने कहा कि जस्टिस जोरा सिंह ने कहा कि बेअदबियों के लिए बादल दल जिम्मेदार है और बादल बेअदबी के आरोपियों के बचाते रहे हैं, एकदम सही है।
इस अवसर पर शिअद (टकसाली) में शामिल हुए पूर्व सांसद राजदेव सिंह खालसा ने कहा कि वह शिरोमणि अकाली दल टकसाली को मालवा में ही नही बल्कि पूरे पंजाब में मजबूत करने के लिए कोशिश करेंगे। उनके साथ इस अवसर पर पूर्व विधायक मनमोहन सिंह सठियाला, पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा, बोनी और अवतार सिंह संधू मौजूद थे।