हरियाणा के 8 होनहार खिलाड़ी अहमदाबाद में शुरू होने जा रही वर्ल्ड कबड्डी कप में मेडल जीतने और परचम लहराने को तैयार हैं। भारत की तरफ से हरियाणा के खिलाड़ी दम खम दिखाएंगे। भारत की 14 सदस्यीय टीम में आठ खिलाड़ी हरियाणा के हैं। इनमें सोनीपत-3, झज्जर -2, रोहतक, पानीपत, गुड़गांव, के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं।
टीम की कमान अनुप कुमार को सौंपी गई है। वह 2006, 2010 और 2014 का एशियन गेम्स खेल चुके हैं। साथ ही कई वर्षों से प्रोफेशनल कबड्डी लीग में हिस्सा ले रहे हैं। गुजरात के अहमदाबाद में सात अक्तूबर से शुरू हो रहे कबड्डी के विश्व कप में भारत समेत 12 देशों की टीमें भाग लेंगी। यह आयोजन 22 अक्तूबर तक चलेगा। प्रतियोगिता के लिए टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है।
पहले ग्रुप में भारत, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, आस्ट्रेलिया, इग्लैंड और अर्जेंटीना को रखा गया है। दूसरे ग्रुप में ईरान, थाईलैंड, जापान, अमेरिका, पोलैंड और केन्या की टीमें हैं। सभी टीमों को पहले 5-5 मैच खेलने होंगे। इसके बाद श्रेष्ठ चार टीमों के बीच 21 अक्तूबर को सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। सेमीफाइनल में जीतने वाली टीमों का मुताहला 22 अक्तूबर को रात 8 बजे खेला जाएगा।