चंडीगढ़। सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को तीन दिवसीय दूसरे बलरामजी दास टंडन अंडर-16 मल्टी डेज क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला मैच चंडीगढ़ और हरियाणा के बीच खेला गया।
चंडीगढ़ के खिलाड़ी गगनप्रीत की घातक गेंदबाजी (6/60) की बदौलत चंडीगढ़ ने हरियाणा को 274 रनों पर ढेर कर दिया। हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम की ओर से यशवर्धन गौतम 91 और लोकेश बेनीवाल 90 रन के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 96 ओवरों में 274 रन बनाए। पंजाब की टीम अपना मैच बुधवार को खेलेगी।
वहीं सेक्टर-26 स्थित जीएमएसएस स्कूल में पंजाब के खिलाफ मात्र 121 रनों पर दिल्ली की टीम ढेर हो गई। जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक पंजाब ने खराब शुरुआत के साथ छह विकेट के नुकसान पर 46 रन बनाए। इससे पहले जस्टिस तेजिंदर सिंह ढींढसा, मेयर सरबजीत कौर, प्रिया टंडन और टूर्नामेंट चेयरमैन पवन मुत्नेजा ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।