हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : फाइल फोटो
हरियाणा की मनोहर लाल सरकार सरकारी विभागों में कार्यपद्धति का पुराना ढांचा बदलने जा रही है। सरकार ने विभागों के संगठनात्मक ढांचे की वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार रेशनेलाइजेशन कराने का फैसला लिया है। ताजा रेशनेलाइजेशन के आधार पर सभी विभागों के सेवा नियमों का नवीनीकरण भी किया जाएगा। पहले चरण में 39 विभागों में यह प्रक्रिया सिरे चढ़ाई जाएगी।
सरकार ने इसका जिम्मा 10 वरिष्ठ आईएएस अफसरों को विभाग अनुसार सौंपा है। विभागों की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। वरिष्ठ आईएएस विभागों, निदेशालयों और क्षेत्रीय कार्यालयों का कार्यक्षेत्र भी तय करेंगे।
यह भी पढ़ें - कैबिनेट के अहम फैसले : पदोन्नति के लिए सालों इंतजार नहीं, अब ग्रुप-सी कर्मियों को मिलेंगे समान अवसर
इन्हें इंफोर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी यानी आईसीटी को अपना कर कार्यक्षेत्र में होने वाले बदलावों पर भी समग्र रिपोर्ट बनानी होगी। आईएएस को 31 जनवरी 2021 तक अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी होगी। सभी विभागों के प्रशासनिक सचिव दस आईएएस अफसरों को पूरा डाटा मुहैया कराएंगे।
अफसरों को इन बिंदुओं पर करना होगा काम
- विभागों के बीच टकराव को देखेंगे और सुधार के सुझाव देंगे
- वर्तमान में अस्तित्व में चल रहे पदों, पदनाम और ड्यूटी चार्टर का परीक्षण करेंगे
- कर्मचारियों की आउटसोर्सिंग और उनकी कार्य कुशलता का भी परीक्षण करना होगा
- आईसीटी को अपनाकर वर्तमान और भविष्य में कार्यकुशलता में कितना सुधार आएगा, संगठनात्मक ढांचे व मानव संसाधन पर पड़ने वाले प्रभाव का विस्तृत अध्ययन करना होगा
- वर्तमान जरूरत के अनुसार नए सिरे से संगठनात्मक ढांचा बनाना होगा
- वर्तमान व प्रस्तावित संगठनात्मक ढांचे का प्रस्ताव मानदंडों सहित तैयार करना
- विभाग में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों के वर्तमान दायित्वों का उल्लेख
- वर्तमान व प्रस्तावित पदों, पदनामों, ड्यूटी चार्टर व संभावित पदोन्नतियां सुझाना
- आउटसोर्सिंग स्टाफ की कार्य कुशलता
इन आईएएस अफसरों को मिले ये विभाग
- एके सिंह - सिंचाई एवं जल संसाधन, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, पीडब्ल्यूडी, राज्य परिवहन, परिवहन आयुक्त
- अमित अग्रवाल - सामान्य प्रशासन व लोकल ऑडिट
- आनंद मोहन शरण - कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य, बागवानी, नवीन अक्षय ऊर्जा
- अनुराग रस्तोगी - चकबंदी, विकास एवं पंचायत, खाद्य एवं आपूर्ति, लैंड रिकार्ड, नगर एवं ग्राम आयोजना
- आशिमा बराड़ - सचिवालय स्थापना, पर्यटन
- दीप्ति उमाशंकर - श्रम, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, खेल एवं युवा मामले, एससी-बीसी कल्याण, महिला एवं बाल विकास
- एसएन राय - आबकारी एवं कराधान, वन, उद्योग, खादान, आपूर्ति एवं निपटान
- टीसी गुप्ता - मौलिक, स्कूल, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कोषागार
- वी उमाशंकर - सूचना एवं जनसंपर्क, संस्थागत वित्त व क्रेडिट नियंत्रण
- विजयेंद्र कुमार - मत्स्य, दक्षता विकास व औद्योगिक प्रशिक्षण, शहरी स्थानीय निकाय दिया गया है।