कोरोना की मार के बीच नेशनल हाईवे-44 पर चलना अब महंगा होने वाला है। करनाल से यदि आपको पानीपत की तरफ जाना है या फिर पानीपत की तरफ से करनाल आना है तो टोल टैक्स के रूप में पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक अधिक चुकाने होंगे। एनएचएआई के निर्देशों के बाद बसताड़ा टोल प्लाजा दरों को बढ़ाने जा रहा है।
टोल की ये नई दरें पहली सितंबर से लागू होंगी। वहीं यदि मासिक पास की बात करें तो यह भी 60 रुपये से लेकर 350 रुपये तक वाहन की क्षमता के अनुसार महंगे हो जाएंगे। बता दें कि बसताड़ा टोल प्लाजा से 24 घंटे में दिल्ली से अमृतसर तक जाने वाले करीब 30 हजार से ज्यादा वाहनों यही से गुजरते हैं।
अप एंड डाउन करने वाले हर वाहन मालिक की जेब पर टोल की बढ़ी नई दरों से असर पड़ेगा। हालांकि नई दरों में कार, जीप और वैन की एक तरफ की यात्रा का टोल टैक्स नहीं बढ़ा है, यदि वे अप-डाउन करेंगे तो पिछले रेट से पांच रुपये अधिक चुकाने होंगे।
जानिये.. पहले से अब में कितना बढ़ा टोल टैक्स-
- वाहन एक तरफ अप एंड डाउन मासिक पास
- टोल टैक्स रेट नया पुराना अंतर नया पुराना अंतर नया पुराना अंतर
- कार, जीप, वैन 125 125 00 190 185 05 3760 3700 60
- एलसीवी 220 215 05 330 325 05 6580 6475 105
- बस, ट्रक 440 430 10 660 645 15 13165 12945 220
- एमएवी डबल एक्सेल 705 695 10 1060 1040 20 21155 20805 350
स्कूली बसों का एक हजार रुपये में मासिक बस पास
टोल कंपनी की ओर से जारी अधिसूचना में कुछ वाहनों और स्थानीय लोगों को रियायत भी दी गई है, जिसके अनुसार, रोजाना टोल से निकलने वाली स्कूली बसों के लिए 1000 रुपये में मासिक पास बन सकेगा। जबकि अन्य वाहनों के लिए यह रेट अलग-अलग है। इसी तरह से टोल प्लाजा के 10 किलोमीटर की परिधि में रहने वालों के लिए 150 रुपये और 20 किलोमीटर की परिधि में रहने वालों के लिए 300 रुपये में मासिक पास बनने का नियम इस बार भी लागू रहेगा।
एक सितंबर 2020 से टोल की नई दरें लागू हो जाएंगी, जोकि 31 अगस्त 2021 तक लागू रहेंगी। टोल कंपनी की ओर से स्थानीय लोगों के बनने वाले मासिक पास के रेट में कोई परिवर्तन नहीं किया गया। - मनीष कुमार, मैनेजर, बसताड़ा टोल प्लाजा।