विश्व के सबसे बड़े खेल मंच ओलंपिक में भारत ने आज तक 28 पदक जीते हैं। इसमें हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा है। 28 पदकों में से 3 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम रहे हैं, जोकि एकल स्पर्धा में खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं। देश ने ओलंपिक में सबसे ज्यादा 11 पदक हॉकी में जीते हैं। उसके बाद 5 कुश्ती में, 4 शूटिंग में, दो बैडमिंटन, दो बॉक्सिंग, दो एथलेटिक्स व एक-एक पदक वेट लिफ्टिंग व टेनिस में जीता है। देश में दो प्रतिशत आबादी वाले हरियाणा की ओलंपिक पदकों में 11 प्रतिशत साझेदारी है।
पिछले तीन ओलंपिक में हर बार जीता पदक
वर्ष 2008 से हरियाणा के खिलाड़ियों ने हर बार ओलंपिक में देश का नाम रोशन किया। 2008 में भारत ने तीन पदक जीते, जिनमें से 1 पदक हरियाणा के नाम रहा। वहीं, 2012 ओलंपिक में छह पदकों में से एक और फिर 2016 में दो पदकों में से एक पदक हरियाणा की साक्षी मलिक ने जीता। हॉकी के अलावा एकल प्रतिस्पर्धा की बात करें तो भारत ने 17 पदक जीते हैं, जिनमें से तीन हरियाणा के नाम रहे हैं।
इसके अलावा ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, साइना नेहवाल की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी हरियाणा की रही है। साइना नेहवाल का जन्म हिसार में हुआ और शुरुआती शिक्षा भी हिसार में ही हुई लेकिन परिवार बाद में हैदराबाद शिफ्ट हो गया। गगन नारंग के पूर्वज भी पानीपत में रहते थे, जोकि बाद में चेन्नई चले गए। 2020 ओलंपिक में भी कुश्ती, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स सहित अन्य खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों पदक की काफी उम्मीदें हैं।
हरियाणा से इन खिलाड़ियों ने जीते ओलंपिक पदक
- खिलाड़ी खेल पदक वर्ष
- विजेंद्र सिंह मुक्केबाजी कांस्य 2008
- योगेश्वर दत्त कुश्ती कांस्य 2012
- साक्षी मलिक कुश्ती कांस्य 2016