हरियाणा में सड़क हादसों में कुछ कमी आई है। राज्य में सड़क हादसों में पिछले वर्ष जून के मुकाबले इस साल 17.64 फीसदी की कमी आई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए कई तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। जिसके परिणामस्वरूप जून में सड़क हादसे घटकर 733 रह गए हैं। जबकि 2019 में यह आंकड़ा 890 था। जहां 2019 में प्रतिदिन लगभग 30 सड़क हादसे रिपोर्ट हुए।
वहीं 2020 में यह संख्या घटकर 24 रह गई। उन्होंने कहा कि इस साल हादसों में घायल व्यक्यिों की संख्या 15.30 फीसदी कम हुई। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में भी 20.04 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने बताया कि छह माह में जनवरी से जून 2020 के बीच सड़क दुर्घटनाओं, मृत्युदर तथा हादसों में घायलों की संख्या में भी क्रमश: 26.71 प्रतिशत, 26.77 प्रतिशत और 26.88 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि सड़क हादसों में होने वाली मृत्यु दर भी अपेक्षाकृत कम रही। विगत वर्ष जून में 429 लोग सड़क हादसों का शिकार हुए। वहीं इस साल यह आंकड़ा 343 दर्ज किया गया। घायलों की संख्या में भी 114 मामलों की गिरावट आई। जून 2019 में घायल हुए 745 व्यक्यिों की तुलना में इस साल जून में 631 लोग हादसों में घायल हुए।