पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा कॉमन मिनिमम प्रोग्राम सिरे न चढ़ने को लेकर उठाये गए सवाल पर अनिल विज ने कहा कि हुड्डा को क्या तकलीफ है, जब मियां बीवी राजी तो क्या करेगा काजी। विज ने कहा कि जजपा और हम राजी हैं तो हुड्डा बेवजह क्यों परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले पर एक मीटिंग हो चुकी है और अगली भी जल्द हो जाएगी।
विज ने पूर्व कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने में युवा ही अहम भूमिका निभा सकते हैं पर पलटवार करते हुए कहा कि दीपेंद्र हुड्डा पहले खुद अपने पद से इस्तीफा दें। विज ने कहा कि भाजपा और जजपा की सरकार लोहे की तरह मजबूत है, पूरा समय यह सरकार चलेगी और प्रदेश हित के काम करेगी। सैलजा पर कटाक्ष करते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस का एक फार्मूला है कि सारे बैठकर एक झूठ बना लो और गली मोहल्लों में जा जाकर सारे बोलो। इसमें चाहे सैलजा हो, हुड्डा हो या कोई और हो ये सारे एक ही भाषा बोलते हैं लेकिन झूठ का कोई सर या पैर नहीं होता।
सीआईडी विवाद छोड़ प्रदेश के विकास पर ध्यान दें सीएम-गृहमंत्री: गर्ग
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि प्रदेश का विकास छोड़कर सीएम और गृहमंत्री सीआईडी के अधिकार के विवाद पर उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को विकास से मतलब है, न कि इस तरह के बेवजह के विवाद से। बजरंग गर्ग ने कहा कि सीआईडी विभाग, गृह मंत्री के अधीन रहे या मुख्यमंत्री अपने पास रखें यह भारतीय जनता पार्टी व हरियाणा सरकार का अपना निजी मामला है। मगर मुख्यमंत्री सीआईडी विभाग में उलझने की बजाय हरियाणा में विकास कराने की तरफ ध्यान देना चाहिए।