रेणुका बिश्नोई ने हरियाणा विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस बात की घोषणा रेणुका ने 17 मई को ही कर दी थी। उन्होंने रविवार को हरियाणा विधानसभा के स्पीकर कुलदीप शर्मा को दिल्ली में अपना इस्तीफा सौंपा। शर्मा ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इस बात की सूचना चुनाव आयोग को भी भेज दी गई है।
हजकां के अध्यक्ष पद से कुलदीप पहले ही अपना इस्तीफा दे चुके हैं जबकि आदमपुर से विधायक रेणुका बिश्नोई ने रविवार को अपना इस्तीफा सौंपा।
हरियाणा में लोकसभा चुनाव की मतगणना के दिन ही शाम को रेणुका ने प्रेस बयान जारी कर कहा था कि कुलदीप बिश्नोई ने जनहित के लिए ईमानदारी से काम किया है। उन्होंने लोगों के साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने अपने सीने पर लाठिया खाईं।
जनता के सुख दुख में ट्रैक्टर और रथ पर सवार होकर भागीदार बने हैं। यहां तक कि केंद्रीय मंत्री का पद भी ठुकराया है। ईमानदारी और जनहित के लिए संघर्ष करने वाले का साथ देने की बजाए जनता ने चुनाव में भ्रष्ट लोगों का साथ दिया है।