हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ही ट्वीट कर दी है। विज ने ट्वीट किया कि मुझे आज मेदांता अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मैं ऑक्सीजन सपोर्ट पर घर में रहूंगा। बता दें कि अनिल विज पांच दिसंबर को कोरोना संक्रमित मिल थे। उन्होंने ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी थी।
मेदांता में सीएम ने की थी मुलाकात
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अनिल विज से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था। इससे पहले, 15 दिसंबर को कोरोना संक्रमित हरियाणा के स्वास्थ्य और गृह मंत्री अनिल विज को पीजीआईएमएस रोहतक से मेदांता रेफर कर दिया गया था। दो बार प्लाज्मा और अन्य दवाएं देने के बाद भी उनके फेफड़ों में संक्रमण बना हुआ था।
परिजनों ने संस्थान के इलाज से असंतोष जाहिर कर बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाने की बात कही थी। हालांकि पीजीआईएमएस प्रशासन ने बेहतर इलाज देने का दावा किया था। परिजनों ने उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के कारण निजी अस्पताल ले जाने का फैसला लिया था। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ अनिल विज से मिलने पीजीआई पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था। बता दें कि 20 नवंबर को मंत्री अनिल विज को अंबाला के नागरिक अस्पताल में कोवैक्सीन की खुराक भी दी गई थी।