आईपीएस आलोक मित्तल की पुलिस मुख्यालय में तैनाती की तैयारी
पूर्व मंत्री सुधा और गोयल की एंट्री फाइनल, किसी भी समय जारी हो सकता है पत्र
सीएमओ में पदों को भरने के बाद होगा बड़े स्तर पर प्रशासनिक और पुलिस फेरबदल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद अब बड़े स्तर पर पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल की तैयारी है। सबसे बड़ा बदलाव सीआईडी चीफ को लेकर हो सकता है। साढ़े चार साल तक सफलतापूर्वक यह जिम्मेदारी निभाने वाले आईपीएस अधिकारी आलोक मित्तल को अब पुलिस मुख्यालय में अहम जिम्मेदारी के साथ तैनाती मिल सकती है। नए सीआईडी चीफ के लिए आईजी अंबाला और सरकार के विश्वसनीय अधिकारी सिबास कविराज का नाम चल रहा है। हालांकि, कुछ अन्य आईपीएस अधिकारी भी इस पद के लिए लॉबिंग कर रहे हैं।
अधिकारियों के बदलाव की सूची सीएमओ में ओएसडी और अन्य पदों पर तैनाती के चलते अटकी हुई है। संभावना है कि इसी सप्ताह दोनों पूर्व मंत्री असीम गोयल और सुभाष सुधा की एंट्री हो जाएगी। दोनों को सलाहकार या ओएसडी के पद पर तैनाती दी जाएगी। इनके आने के बाद ही आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले होंगे।
सूत्रों का दावा है कि पुलिस मुख्यालय में भी कई वरिष्ठ अधिकारी बदले जाएंगे। प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है। इसलिए कई अहम पदों पर बदलाव किया जाना है। इनके साथ ही कई जिलों के एसपी, जो लंबे समय से तैनात हैं, उनको भी बदला जाना है। फिलहाल सीएमओ में बदले जाने वाले अधिकारियों की सूची तैयार की जा रही है। सीआईडी प्रमुख के तौर पर एडीजीपी आलोक मित्तल की तैनाती मनोहर लाल के कार्यकाल में हुई थी। उनकी गिनती तेज तर्रार अधिकारियों में होती है और उनको मनोहर लाल का विश्वसनीय अधिकारी माना जाता है। अब सरकार उनको नई जिम्मेदारी देने जा रही है।
प्रधान सचिव मिलने के बाद कई आईएएस का बदलना तय
अभी मुख्यमंत्री के लिए प्रधान सचिव की तैनाती नहीं हो पाई है। इनमें आईएएस अनुराग रस्तोगी, श्यामल मिश्रा समेत कई अधिकारियों के नाम चल रहे हैैं। अगर रस्तोगी पीएस बनते हैं तो यकीनन वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले होंगे। क्योंकि मुख्य सचिव के बाद अनुराग रस्तोगी वरिष्ठ हैं। ऐसे में वरिष्ठता के आधार पर एफसीआर (फाइनेंस कमिश्नर रेवेन्यू) का पद उनको मिल सकता है। इस समय रस्तोगी के पास तीन अहम विभागों की जिम्मेदारी है। वे गृह विभाग के सचिव हैं, साथ ही एफसीआर और वित्त विभाग भी संभाल रहे हैं। लेकिन सूत्रों का दावा है कि चूंकि रस्तोगी जून 2025 में सेवानिवृत्त होंगे, ऐसे में किसी स्थायी आईएएस अधिकारी की तैनाती के बारे में सोचा जा रहा है। अगर रस्तोगी नहीं बनते हैं तो वरिष्ठता के आधार पर उनके पास एसीआर की जिम्मेदारी रहेगी। वहीं, सुधीर राजपाल, सुमिता मिश्रा को भी अहम जिम्मेदारी की अटकलें हैं।