अनिल विज ने दिशा रवि पर साधा निशाना।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने एक्टिविस्ट दिशा रवि पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश विरोध का बीज दिमाग में रखने वाले का समूल नाश कर देना चाहिए। चाहे वह दिशा रवि हो या फिर कोई और।
रविवार को ही किसानों के प्रदर्शन से जुड़ी ‘टूलकिट’ सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने दिशा रवि को गिरफ्तार किया था। ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामले की जांच कर रही स्पेशल सेल ने रवि की गिरफ्तारी की थी। 22 साल की एक्टिविस्ट दिशा रवि की बेंगलुरु से गिरफ्तारी हुई थी। दिशा फ्राइडे फॉर फ्यूचर कैंपैन की फाउंडरों में से एक हैं। दिशा की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल से लेकर तमाम विपक्षी नेता दिशा की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं।
पटियाला हाउस कोर्ट कॉम्प्लेक्स के ड्यूटी मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट देव सरोहा ने दिशा रवि से पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस हिरासत की अनुमति दी। हालांकि पुलिस ने सात दिन की हिरासत की मांग की थी। उसका कहना था कि केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक साजिश की जांच के लिए हिरासत में पूछताछ जरूरी है। साथ ही इसमें खालिस्तान से जुड़े लोगों का हाथ होने का भी शक है। दिशा रवि कोर्ट रूम में रो पड़ी और जज से कहा कि उसने केवल दो लाइनें एडिट की थीं और वह किसानों के प्रदर्शन का समर्थन करना चाहती थी।