उम्मीद के विपरीत प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले सर्दी में कम हुए हैं। गर्मी में जहां पूरे हरियाणा में केसों की संख्या रोजाना एक हजार के पार थी, वहीं अब यह संख्या घट कर 100 से भी नीचे आ गई है। बढ़ती रिकवरी दर और घटते केसों व घटती मृत्यु दर को लेकर डाक्टर उत्साहित हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग अब भी सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। उसका कहना है कि केस कम हुए हैं, लेकिन अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है।
मार्च में जैसे ही कोरोना के केस आने शुरू हुए तो कुछ शोध के बाद डाक्टरों का आंकलन था कि मई जून में केस कम हो जाएंगे, लेकिन ऐसा कोई चमत्कार नहीं हुआ। उल्टे केसों की संख्या लगातार बढ़ती गई और मौत का आंकड़ा भी। जैसे ही सर्दी शुरू हुई तो नवंबर 2020 से ही कोरोना संक्रमण कमजोर पड़ने लगा।
यह आंकड़ा धीरे धीरे 100 से भी घट गया। इस समय प्रदेश में रोजाना औसतन 60 से 70 नए मामले सामने आ रहे हैं। वो भी गुरुग्राम, पंचकूला और फरीदाबाद में ज्यादा हैं, जबकि अन्य जिलों में यह संख्या काफी कम है। 10 से ज्यादा जिले ऐसे हैं, जहां पर पिछले काफी दिनों से एक भी केस सामने नहीं आया है।
77 केस, किसी की मौत नहीं
रविवार को प्रदेश में 77 नए केस मिले हैं। 77 लोगों को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है। हिसार, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, झज्जर,पलवल, फतेहाबाद, नूंह और चरखीदरी में एक भी केस नहीं मिला। गुरुग्राम में 20 और यमुनाननगर में 11 केस मिले, जबकि शेष जिलों में 10 से नीचे ही मामले आए हैं। रिकवरी दर बढ़कर 98.55 प्रतिशत हो गई है और मृत्यु दर 1.13 प्रतिशत है। कोरोना पॉजिटिव होने का रेट 4.94 प्रतिशत है।