हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन दिवंगत नेताओं, उनके परिजनों, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। स्पीकर के आग्रह पर कांग्रेस विधायकों ने बाजू पर बांधी काली पट्टियों को हटाया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा और विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने शोक प्रस्ताव पढ़े।
शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। हुड्डा ने अपने शोक प्रस्ताव में किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों का भी जिक्र किया। उन्होंने किसानों के नाम शोक प्रस्ताव में शामिल करने की मांग भी रखी। विधानसभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों को सदन की भावना से अवगत करने का आश्वासन दिया। पुड्डुचेरी की भूतपूर्व उपराज्यपाल चंद्रावती, भूतपूर्व मंत्री ओमप्रकाश जैन, भूतपूर्व सांसद रामजी लाल, विधानसभा के भूतपूर्व सदस्य चौ. बलबीर सिंह व भूतपूर्व सदस्य स्वामी भगवान देव परमहंस, सरस्वती नदी शोध संस्थान के संस्थापक दर्शन लाल जैन को सदन में श्रद्धांजलि दी गई।
स्वतंत्रता सेनानियों जगराम, सुमेर सिंह व गुगन राम यादव की मृत्यु पर शोक जताया गया। मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहादत पाने वाले 37 वीर शहीदों को भी सदन ने शत-शत नमन किया। कोविड-19 के दौरान कोरोना योद्धाओं और अन्य व्यक्तियों के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उत्तराखंड राज्य के चमोली जिले में आई आकस्मिक बाढ़ के कारण मारे गए लोगों के निधन पर संवेदना व्यक्त की गई।
प्रदर्शन से पहले किरण चौधरी और बाद में आए शमशेर गोगी, नहीं दिखे बिश्नाई
बजट सत्र के पहले दिन तीन कृषि कानूनों और महंगाई के विरोध में किए प्रदर्शन में सभी कांग्रेस विधायक नहीं पहुंचे। तोशाम से विधायक किरण चौधरी प्रदर्शन से पहले ही विधानसभा पहुंच गई। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा के नजदीकी असंध से विधायक शमशेर सिंह गोगी प्रदर्शन के बाद विधानसभा पहुंचे। कुलदीप बिशनोई दिखाई नहीं दिए।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में विधायक रघुबीर सिंह कादियान, शकुंतला खटक, गीता भुक्कल, बीबी बतरा, इंदुराज नरवाल, आफताब अहमद, कुलदीप वत्स, जगबीर मलिक, जयवीर वाल्मीकि, मेवा सिंह, बीएल सैनी, अमित सिहाग, शैली चौधरी, वरूण मुलाना समेत अन्य ने लघु सचिवालय चौक से विधानसभा तक रोष मार्च निकाला। सभी ने बाजू पर काली पट्टी बांधकर काला मास्क लगा रखा था।