पेंशन धारकों के लिए खुशखबरी। नए साल पर हजारों पेंशनर्स को बड़ा तोहफा मिलेगा। इसका ऐलान कर दिया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि राज्य सरकार बुढ़ापा सम्मान भत्ता सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशनों में बढ़ोतरी करने की अपनी वचनबद्धता पर कायम है।
इसके तहत पहली जनवरी, 2016 से पेंशन राशि 1200 रुपये से 1400 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने वर्तमान सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद मंगलवार को हरियाणा निवास में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि पात्रों को पेंशन राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित करने की योजना लागू की गई है। अब तक 18.30 लाख पात्रों की ओर से अपने खाते खोले जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गत वर्ष सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1000 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये मासिक की थी। 80 वर्ष की आयु से अधिक के पात्रों को उनके घर पर ही पेंशन उपलब्ध करवाने के प्रबंध किए गए हैं।