अब तक चार लाख दस हजार किसानों ने योजना का लाभ उठाया है। किसानों के ब्याज और जुर्माने के 1314 करोड़ रुपये माफ किए गए हैं। नलकूप बिल माफी योजना का लाभ एक लाख 12 हजार किसान उठा चुके हैं। अब आयुष्मान भारत योजना में 1लाख 80 हजार रुपये तक की सालाना आय वाले परिवारों को भी पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
अभी तक प्रदेश में एक लाख दस हजार लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। परिवार पहचान पत्र का कार्य पूरा होते ही आर्थिक रूप से कमजोर सभी लोगों को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि मनरेगा मजदूरी 309 रुपये हो गई है। यह पूरे देश में सर्वाधिक है। जनधन योजना के तहत गरीब महिलाओं के खाते में 500 रुपये डाले जाएंगे।
आर्थिक रूप से कमजोर दूसरे वर्गों के लोगों को एक हजार रुपये देंगे। 16 लाख बीपीएल परिवारों और असंगठित मजदूरों को चार से पांच हजार रुपये खाते में भेज रहे हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों को 2500 रुपये प्रति एकड़ का फायदा होगा। 500 किसान उत्पादक संगठन बनाए जाएंगे।
कोरिया के निवेशकों को भी निवेश का न्योता
मुख्यमंत्री ने बताया कि विदेशी निवेश के लिए जापान और अमेरिका के निवेशकों से चर्चा के बाद कोरिया के उद्यमियों के साथ जल्द वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। दो महीने से आर्थिक गतिविधियां ठप होने के कारण लगभग 15 हजार करोड़ रुपये का नुकसान सरकार को हुआ है। केंद्र ने उधार लेने की सीमा बढ़ाई है। एफआरबीएम की लिमिट को तीन से बढ़ाकर पांच प्रतिशत किया है। अब सरकार 15-20 हजार करोड़ रुपये का कर्ज और ले सकती है। इससे अर्थव्यवस्था को दोबारा मजबूत करने में मदद मिलेगी।