त्योहारों के मद्देनजर हरियाणा में करीब सवा दो लाख से ऊपर ग्रुप सी और डी वर्ग के कर्मचारियों को प्रदेश सरकार फेस्टिवल एडवांस देगी। ये सुविधा सूबे में केवल विभिन्न विभागों के नियमित कर्मचारियों को ही मिलेगी। आउटसोर्सिंग पार्ट वन एंड टू पॉलिसी वाले कर्मचारी इस सुविधा के दायरे से बाहर रहेंगे।
सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले के अनुसार ग्रुप सी और ग्रुप डी के नियमित कर्मचारियों को ब्याज मुक्त क्रमश: 18 और 12 हजार रुपये बतौर फेस्टिवल सीजन दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस आशय के एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस अग्रिम राशि का भुगतान नवंबर 2020 के पहले सप्ताह में किया जाएगा। इस फैसले से राज्य सरकार के ग्रुप सी और ग्रुप डी के 2,29,631 नियमित कर्मचारियों को 386.40 करोड़ रुपये का फायदा होगा। अग्रिम राशि ब्याज मुक्त होगी और अधिकतम 12 किस्तों में वसूल की जाएगी।