फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, कोरोना मरीजों के इलाज में लगे कर्मचारियों का वेतन किया दोगुना

Thu, 09 Apr 2020 08:56 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
सीएम मनोहर लाल (फाइल फोटो)
विज्ञापन

हरियाणा सरकार ने कोरोना संक्रमितों के इलाज में जुटे डॉक्टर, नर्स, पैरा मेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस कर्मियों समेत अन्य कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा की है। सरकार कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे सभी अग्रणी कर्मचारियों को दोगुना वेतन देगी। सरकार के अगले आदेशों तक दोगुना वेतन मिलता रहेगा।

विज्ञापन


सीएम मनोहर लाल ने डॉक्टरों, आईएमए पदाधिकारियों, हेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी, मेदांता अस्पताल के डॉक्टर नरेश त्रेहन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों संग बैठक कर यह निर्णय लिया है। कोरोना से आगे की लड़ाई के लिए गुरुवार को उन्होंने स्वास्थ्य सिस्टम व तैयारियों का मूल्यांकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की मौजूदगी में कोरोना से लड़ाई की तैयारियों पर संतोष जताया। बैठक के दौरान सीएम ने आइसोलेशन वार्ड में काम करने वाले डॉक्टरों व नर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बात की और उनका मनोबल बढ़ाया।

इस दौरान डॉ. सोनिया ने कोरोना से लड़ रहे डॉक्टरों के सामने चुनौतियों व उनके बीमा का विषय उठाया। जिस पर सीएम मनोहर लाल ने कहा कि उन्हें सबकी चिंता है। वे अपना काम पूरी तन्मयता से करें, हम अपना कर रहे हैं। डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की एक्सग्रेसिया राशि पहले ही बढ़ाई जा चुकी है। समय-समय पर हर जरूरी निर्णय लेंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

भगवान के बाद डॉक्टरों का ही नंबर आता है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह युद्ध का समय है। शुरू में कुछ मुश्किलें आईं लेकिन हालात पर काबू पा लिया। तब्लीगी जमात के लोग न आते तो हम बहुत बेहतर स्थिति में थे। अस्पतालों में कोरोना से लड़ने का हर सामान व उपकरण उपलब्ध हैं। 14 कोविड अस्पताल बनाए हैं। इनमें कोरोना मरीजों का ही इलाज होगा। सभी स्वास्थ्य सेवाएं चाक चौबंद हैं।

सरकार का निर्णय सकारात्मक: लांबा
सर्व कर्मचारी संघ ने कोरोना से लड़ रहे सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों का वेतन दोगुना करने की घोषणा की सराहना की है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा ने मुख्यमंत्री की घोषणा पर कहा कि सरकार का यह सकारात्मक निर्णय है। इससे कर्मचारियों का हौंसला बढ़ेगा। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों, शहरी स्थानीय निकाय विभाग में कार्यरत सफाई कर्मचारियों, सीवरमैन, बिजली कर्मचारियों व अग्निशमन आदि विभाग में आवश्यक सेवाएं दे रहे कर्मचारियों की हौंसला अफजाई करने की मांग की है।

सुरजेवाला ने धन्यवाद के साथ रखी और मांगें
रणदीप सुरजेवाला ने कोरोना मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन दोगुना करने की कांग्रेस की मांग मानने पर सीएम का धन्यवाद किया है। उन्होंने अनुरोध किया कि यह बढ़ोत्तरी सब डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों को मिले। पुलिसकर्मी व अधिकारी दिन रात ठीकरी पहरे पर खड़े हैं, सफाई कर्मचारी, गांव व शहर में कठिन समय में सेवा दे रहे हैं। बिजली व पानी के कर्मचारी ड्यूटी पर पाबंद हैं। इनको भी दोगुने वेतन का लाभ मिले।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें