हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि विभिन्न डिपुओं में खड़ी कंडम बसों का जल्द से जल्द निपटान किया जाए। इसके अलावा महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थित बस अड्डों पर पेट्रोल पंप खोलने की संभावनाएं भी तलाशी जाएं, ताकि विभाग के लिए अतिरिक्त राजस्व जुटाया जा सके।
परिवहन मंत्री ने विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान ये निर्देश दिए। बैठक में बस अड्डों के माध्यम से बसों के उचित संचालन, ई-टिकटिंग, बसों की चेकिंग और अवैध वाहनों की जांच तथा बसों और बस अड्डों पर लगाए जाने वाले विज्ञापनों समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
इसके अलावा, आठ सितंबर को हुई बैठक की कार्रवाई पर एक्शन टेकन रिपोर्ट भी पेश की गई। इस दौरान विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि बल्लभगढ़ में पीपीपी मोड पर बस अड्डों का निर्माण किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 के बाद धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौट रहा है, ऐसे में डिपो महाप्रबंधक या ट्रैफिक मैनेजर द्वारा स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों की टीम बनाई जाए, जो जमीनी स्तर पर बसों की जरूरत का पता लगाए। इस संबंध में साप्ताहिक या महीने के हिसाब से योजना बनाई जाए।