नवंबर के प्रथम सप्ताह में गन्ना पेराई का कार्य शुरू होगा
हरियाणा में इस बार गन्ने का पेराई सत्र नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में शुरू होगा। इसके लिए सभी तैयारियां अक्तूबर माह के अंत तक पूरी कर ली जाएंगी। चालू वित वर्ष के सीजन के दौरान लगभग 500 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य तय किया है। यह जानकारी हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने दी।
सहकारिता मंत्री मंगलवार को सहकारी फेडरेशन के अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उनके साथ सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, प्रबंध निदेशक हैफेड एवं डेयरी विकास ए श्रीनिवास, प्रबंध निदेशक कैप्टन मनोज कुमार सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसानों की समय पर राशि का भुगतान प्राथमिकता है। सहकारिता मंत्री ने कहा कि भविष्य में शुगर मिलों में गन्ने का बीज किसानों को उपलब्ध करवाने के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर गन्ना किसानों का रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित किया जाए।