मेवात के बाहर के लोग नल्हड़ नहीं आएंगे: विहिप
विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र कुमार जैन ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद मेवात से बाहर के हिंदू समाज को वहां न बुलाकर संपूर्ण प्रदेश के लिए एक कार्यक्रम की घोषणा कर रही है। उस दिन प्रदेश के हर प्रखंड में एक शिव मंदिर में दोपहर 11:00 बजे सामूहिक जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा। गुरुग्राम में विहिप के जिला महामंत्री यशवंत शेखावत ने कहा कि जी-20 में आए हुए विदेशी मेहमानों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। पूरे विश्व की नजर भारत पर है। ऐसा कोई भी काम नहीं करना चाहिए, जिससे बाद में किसी तरह की ग्लानि हो।
नूंह में फिर से 28 अगस्त तक इंटरनेट सेवा बंद, लगाई धारा 144
उधर, हरियाणा सरकार ने नूंह में फिर से इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। गृह विभाग ने शनिवार दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त की रात 11:59 बजे तक जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और बल्क एसएमएस पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने पत्र जारी किया है। एहतियातन सीआरपीसी की धारा 144 भी लगा दी है।
विश्व हिंदू परिषद ने नूंह में 28 अगस्त को फिर से ब्रजमंडल यात्रा निकालने का एलान किया है। नूंह के डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने 25 अगस्त को ही गृह विभाग को पत्र लिखकर इंटरनेट सेवाएं बंद करने की सिफारिश की थी। इससे पहले नूंह में हिंसा के बाद 31 जुलाई से 13 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद थीं।