हरियाणा में स्वर्ण जयंती समारोह एक वर्ष की रूप रेखा बन कर तैयार हो गई है। एक नवंबर से हरियाणा के लोगों को इसका आगाज देखने को मिलेगा। यहां पंचकूला में आयोजित पहली बैठक में सरकार ने पूरे वर्ष आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का खाका तैयार कर दिया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील की है कि वे राजनीति से उपर उठ कर हरियाणा स्वर्ण जयंती वर्ष को एक उत्सव तथा हरियाणा के नव निर्माण के रूप में बनाने के लिए आगे आएं। हरियाणा के गौरव और विकास की भावी योजनाओं में अपने सकारात्मक सुझाव सरकार को दें। सरकार ने स्वर्ण जयंती उत्सव के लिए एक सांझा प्लेटफार्म उपलब्ध करवाया है तथा एक वर्ष के कार्य की रूप-रेखा तैयार की गई है, जिसके तहत 50 नई योजनाओं के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। फिल्म निर्माता-निर्देशक और हास्य अभिनेता सतीश कौशिक के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरियाणा फिल्म नीति 31 दिसंबर, 2016 तक घोषित कर दी जाएगी।
पीएम मोदी करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ
सीएम मनोहर लाल खट्टर
- फोटो : File Photo
इसके अलावा हरियाणा के हर गांव में स्वर्ण जयंती के अवसर पर एक-एक हरियाणवी फिल्म दिखाई जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों से आहवान किया कि एक नवंबर, 2016 को गुड़गांव से आरंभ किए जा रहे स्वर्ण जयंती वर्ष के पहले कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे और इस कार्यक्त्रस्म में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी परिकल्पना ऐसे हरियाणा के नवनिर्माण की है जहां खेतों में भरपूर पैदावार हो, औद्योगिक विकास तेजी से हो, कोई भी अपने आप को उपेक्षित न समझे, युवा हुनरमंद हों, महिलाओं का सशक्तिकरण हो, सभी को तरक्की के समान अवसर मिलें, विकास परियोजनाओं का लाभ गरीब से गरीब व्यक्ति तक पहुंचे ताकि हम पंडित दीन दयाल उपाध्याय की अंत्योदय की परिकल्पना को साकार कर सकें। स्वर्ण जयंती समारोह के नोडल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. केके खंडेलवाल ने कहा कि सरकार को लिखित रूप में या ई-मेल अपने सुझाव भेज सकते हैं।