लोकसभा चुनाव 2019 में हार का सामना करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी हाईकमान के सामने अपना शक्ति प्रदर्शन किया है। अपने समर्थक 13 विधायकों, छह पूर्व सांसदों और अन्य पूर्व विधायकों को एकजुट कर हुड्डा ने आलाकमान को यह संदेश दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का दारोमदार पूरी तरह से उनके कंधों पर रखा जाए।
उनके इस शक्ति प्रदर्शन का असर आलाकमान पर कितना होगा यह देखने का विषय होगा, क्योंकि दिल्ली में अपने निवास पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि हाल में हुआ लोकसभा चुनाव क्षद्म राष्ट्रवाद के नाम पर था लेकिन, आगामी विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों पर होगा। जिसमें कांग्रेस जीत हासिल करेगी, क्योंकि हरियाणा का हर वर्ग मौजूदा सरकार से त्रस्त है।
हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बुलाई गई इस बैठक में यह भी विश्वास व्यक्त किया गया कि कांग्रेस आलाकमान प्रदेश स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने के लिये आवश्यक कदम शीघ्र उठाएगी। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा से मुकाबले के लिए केवल कांग्रेस ही मुख्य विपक्षी पार्टी बची है, बाकी सभी पार्टियों को लोगों ने सिरे से नकार दिया है।
हुड्डा ने कहा कि हमारे पास समय बहुत कम है। हमें अपना कार्यक्रम व रणनीति तय कर लड़ाई लड़नी है और विजयी होना है। इसलिये आप अगले दस दिन के भीतर अपने सुझाव लिखित में भेजें, ताकि एक कारगर रणनीति बनाई जा सके।