कांग्रेस ने हरियाणा के विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा के लिए चुनाव घोषणा पत्र कमेटी को मंजूरी दी है।
15 सदस्यों की इस कमेटी में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा विरोधी खेमा भी शामिल है। इसमें राज्यसभा सदस्य कुमारी सैलजा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह और आबकारी एवं कराधान मंत्री किरण चौधरी की पुत्री एवं पूर्व सांसद श्रुति चौधरी शामिल हैं।
पूर्व राज्यसभा सदस्य डा. रामप्रकाश को कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, वित्त मंत्री एचएस चट्ठा, संसदीय कार्य मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व सांसद नवीन जिंदल और शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल को कमेटी के सदस्यों में शामिल किया गया है।
कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी के बाद चुनाव घोषणा पत्र कमेटी के सदस्यों के नामों की घोषणा की है।
राष्ट्रीय महासचिव जनार्दन द्विवेदी की ओर से जारी सूची में कांग्रेस नेता ज्ञान सहोता, मामन खान, रेणु पोसवाल और रति राम के नाम भी शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने यह सूची मंजूरी के लिए कई दिनों से पार्टी अध्यक्ष के पास भेजी थी। जनार्दन द्विवेदी ने बुधवार रात इन नामों की घोषणा की है।