हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ने माना है कि आज झज्जर में कृषि मंत्री और कैथल में सांसद सैनी के कार्यालय में तोड़फोड़ हुई है। पत्रकारों से बातचीत में डीजीपी वाई.पी. सिंघल ने बताया कि कृषि मंत्री ओ.पी. धनखड़ के आवास पर पथराव करने वालों को खदेड़ दिया गया है। पुलिस ने सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है।
डीजीपी ने स्वीकार किया कि असमाजिक तत्वों ने सांसद राजकुमार सैनी के कैथल स्थित कार्यालय पर भी तोडफ़ोड़ की है। हरियाणा का माहौल बिगाड़ रहे उपद्रवियों से निपटने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से सख्त हो गई है। बीती रात राज्य के विभिन्न जिलों में आंदोलनकारियों के खिलाफ 129 मामले दर्ज किए गए हैं।
प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए वीडियो देखे जा रहे हैं। बीते 12 घंटों के दौरान सेना की दस टुकडिय़ों ने हरियाणा में मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने दावा किया कि जिन जिलों में सेना द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है वहां से किसी प्रकार की अप्रिय घटना का समाचार नहीं है।