-भूपेंद्र हुड्डा के चुनाव लड़ने पर संशय, आशा हुड्डा हो सकती हैं उम्मीदवार, आज सीईसी की बैठक में नामों पर लगेगी मुहर
-भगत चरण दास की अध्यक्षता में हुई स्क्रीनिंग कमेटी की दो दौर की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने हरियाणा की नौ लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। शुक्रवार को दिल्ली में दो दौर की बैठक में सभी सीटों पर एक एक प्रत्याशी का नाम तय करने पर सहमति बन गई है। खास बात ये है कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बार लोकसभा चुनाव लड़ने पर संशय है। ऐेसे में आशा हुड्डा या फिर दीपेंद्र हुड्डा की पत्नी उम्मीदवार हो सकती हैं। खुद कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया ने इस बात की पुष्टि की है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव नहीं लड़ेंगे और कांग्रेस दो सीटों पर महिलाओं को मैदान में उतारेगी। शनिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की 4 बजे होने वाली बैठक में इन नामों पर मुहर लगाई जाएगी।
कमेटी चेयरमैन भगत चरण दास की अध्यक्षता में हुई बैठक में कमेटी सदस्य नीरज दांगी व यशोमति ठाकुर के अलावा हरियाणा मामलों के प्रभारी दीपक बाबरिया, पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौ़ उदयभान मौजूद रहे। केंद्रीय कमेटी के निर्देश पर एक एक प्रत्याशी के नाम तय करने को लेकर दोपहर एक बजे हुई बैठक में सीटवार चर्चा हुई। तीन-चार सीटों पर सहमति नहीं बनने पर शाम को छह बजे दोबारा से बैठक की गई। दो दौर की इन बैठकों में संभावित प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार कर लिया गया। अब इन नामों पर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अंतिम फैसला होगा। इस बैठक में हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व प्रदेशाध्यक्ष चौ़ उदयभान के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मौजूद रहेंगे। संभावना है कि आगामी एक या दो दिन में कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है।
बाक्स
ये हैं संभावित दावेदार
रोहतक से हुड्डा परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव लड़ेगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के सिरसा, अंबाला से मुलाना विधायक वरुण चौधरी या सढ़ौरा विधायक रेणु बाला में से किसी एक का चुनाव लड़ना संभव है। फरीदाबाद से पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह, गुरुग्राम से पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, भिवानी-महेंद्रगढ़ से श्रुति चौधरी या राव दान सिंह, हिसार से पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह दावेदार हैं। सोनीपत सीट पर सतपाल ब्रह्मचारी और पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा के नाम की चर्चा है। इन परिस्थितियों में करनाल की सीट वीरेंद्र मराठा और वीरेंद्र राठौर के नाम हैं।
-
स्कीनिंग कमेटी की दो दौर की बैठक हुई। सभी नामों पर सहमति बन गई है। एक से दो महिला उम्मीदवार हो सकती हैं। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में सभी सीटों के संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा होगी और इसी दिन देर रात या एक-दो दिन में लिस्ट आ सकती है। -दीपक बाबरिया, हरियाणा मामलों के प्रभारी।
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने की सोनिया गांधी से मुलाकात
हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने वाले पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ मुलाकात की। दिल्ली में 10 जनपथ पर हुई मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली है। बैठक में हरियाणा के राजनीतिक हालातों पर चर्चा हुई है। बृजेंद्र सिंह को कांग्रेस हिसार से प्रत्याशी बना सकती है। बता दें कि पिछले दिनों ही उनके पिता बीरेंद्र सिंह और माता प्रेमलता ने भी कांग्रेस ज्वाइन की है।