82 तस्करों के 89 रिशतेदारों की 45.56 करोड़ की संपत्ति सीज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में नशा तस्करों की कमर तोड़ने में हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने पूरी ताकत झोंक रखी है। हर माह औसतन 350 तस्करों को काबू किया जा रहा है। साथ ही इस साल अब तक 82 नशा तस्करों की सूची तैयार कर उनके 89 रिश्तेदारों के नाम अवैध रूप से कमाई लगभग 45 करोड़ 56 लाख रुपए की चल अचल संपत्ति सीज की गई। बीते वर्ष 2023 की बात करें तो 15 नशा तस्करों की 44 नजदीकी रिश्तेदारों के नाम गैर-कानूनी तरीके से कमाई लगभग 13 करोड़ की संपत्ति सीज कराईं गई।
ब्यूरो के प्रमुख एडीजीपी ओपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बीते साल 2023 में 3823 मुकदमा दर्ज किए गए, जिसमें 5460 नशा तस्करों को हिरासत में लिया गया। बीते साल 2023 में 326 मुकदमा वाणिज्य, 2268 मध्यवर्ती व 1215 निम्न श्रेणी के रहें हैं। इन सभी नशा तस्करों से विभिन्न मुकदमा में 34 किलों 108 ग्राम हेरोइन, 7 किलों 543 ग्राम स्मैक, 591 किलों 646 ग्राम चरस, 41 किलो 618 ग्राम सुलफा, 4617 किलो 108 ग्राम गांजा, 313 किलो 501 ग्राम अफीम, 33620 किलोग्राम भुक्खी, 150 ग्राम कोकीन, 4 किलो 945 ग्राम हशीश, 235 किलो 051 ग्राम मोर्फिन एवं अन्य नशीले मादक पदार्थों की रिकवरी की है।
इसी प्रकार, साल 2024 में 1 जनवरी से 31 मार्च तक की बात करें तो कुल 858 मुकदमा में 1051 नशा तस्करों को काबू कर सलाखों के पीछे धकेलने का कार्य किया गया। इनमें 63 मुकदमा वाणिज्य, 506 मध्यवर्ती व 286 निम्न श्रेणी के रहें हैं। इन सभी मुकदमा 858 में नशा तस्करों से विभिन्न मुकदमा में 6 किलो 402 ग्राम हेरोइन, 29 किलों 060 ग्राम चरस, 2351 किलो 252 ग्राम गांजा, 95 किलो 586 ग्राम अफीम, 294 किलो 760 ग्राम अफीम के पौधे, 2035 किलो 177 ग्राम भुक्खी की रिकवरी की है।
उपरोक्त 2024 में से अकेले हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा 97 मुकदमा में 118 नशा तस्करों को काबू किया है। इनमें 08 मुकदमा वाणिज्य श्रेणी के रहें हैं। हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा 97 मुकदमा में नशा तस्करों से विभिन्न मुकदमा में 991.962 ग्राम हेरोइन, 3 किलों 050 ग्राम चरस, 72 किलो 829 ग्राम गांजा, 133 किलो 780 ग्राम अफीम के पौधे, 66 किलो 500 ग्राम भुक्खी, 217930 नशीली गोलियां, 119552 नशीले कैप्सूल एवं इंजेक्शन की रिकवरी की है।
हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो प्रवक्ता दिनेश कुमार ने बताया कि इससे पहले हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो पीआईटी एनडीपीएस के तहत अभ्यस्त 40 नशा तस्करों के खिलाफ हिरासत आदेश जारी करवा जेल की सलाखों के पीछे धकेलने का कार्य कर चुका है। वर्ष 2024 में 22 आदतन नशा तस्करों की लिस्ट बनाकर राज्य सरकार को भेजी जा चुकी है।