बंसल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में एनडीए सरकार और हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार के कुशासन और जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार जनांदोलन करेगी। केंद्र ने तीन कृषि अध्यादेश लाकर किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को तबाह करनें का जो मंसूबा बनाया है उसका कांग्रेस पार्टी डटकर विरोध करेगी।
मोदी सरकार ने पहले नोटबंदी और फिर जीएसटी जैसे गलत फैसले किए। आज देश का युवा बिल्कुल दिशाहीन है और उनका भविष्य मोदी सरकार ने अंधकारमय कर दिया है। कोरोना का कुशल प्रबंधन हो सकता था। कुप्रबंधन से अर्थव्यवस्था तबाह हुई। पीएम नरेंद्र मोदी चीन की दादागिरी पर चुप क्यों हैं।
सोनिया, राहुल के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास का प्रस्ताव पास
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने प्रस्ताव रखा कि हरियाणा कांग्रेस सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास रखती है और उनके दिशा-निर्देश में निष्ठापूर्वक कार्यरत रहेगी। इसका सभी ने दोनों हाथ उठाकर समर्थन किया। सैलजा ने कहा कि विपक्ष के किसी भी नेता ने मोदी सरकार के विरुद्ध आवाज नहीं उठाई, अकेले राहुल गांधी ही ऐसे नेता हैं जो मोदी सरकार की जन-विरोधी नीतियों और कुशासन के विरुद्ध डटकर आवाज उठा रहे हैं।
विवेक बंसल के दिशा-निर्देश में पार्टी संगठन जल्दी बना दिया जाएगा। प्रदेश में संगठन नहीं है, अब समय आ गया है कि इसलिए सभी मिलकर संगठन बनाने की ओर बढ़ें। उन लोगों को आगे बढ़ाया जाए जो पार्टी का काम करने का जज्बा रखते हों। सरकार का संवाद में विश्वास नहीं, बोलने वालों को लाठी मिल रही।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जब नए सदस्य ही नहीं बनेंगे तो संगठन कैसे मजबूत होगा। राज्य स्तर से ब्लॉक तक संगठन नहीं है। बंसल ने सबको सुना है, जल्दी विस्तार की उम्मीद है। एकजुट होकर जनता की लड़ाई लड़ेंगे। जिस दिन तीन कृषि अध्यादेश को सरकार ने कानून बनाकर लागू किया, उसी दिन पीपली में दस लाख लोगों को एकत्रित कर आंदोलन का बिगुल फूंक देंगे। सरकार में पहले से खटपट चल रही है, उसे आंदोलन चलाकर चलता करेंगे। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को 12 बजे राज्यपाल से भेंट कर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग करेगा ताकि केंद्र के तीन कृषि अध्यादेशों को निरस्त किया जा सके।
एकजुट होकर करें कृषि अध्यादेश का विरोध : सुरजेवाला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि एनडीए सरकार तीन कृषि अध्यादेश लाकर अनुचित रवैया अपना रही है। नोटबंदी और लॉकडाउन गलत ढंग से लागू करने के कारण देश की अर्थव्यवस्था तबाह हो चुकी है। युवा और मजदूर बेरोजगार हो गए हैं और अब इन अध्यादेशों से किसान, मजदूर और व्यापारी तबाह हो जाएंगे। कांग्रेसजन एकजुट होकर गलत नीतियों का विरोध करें।
बैठक में रणदीप सिंह सुरजेवाला ने 'युवाओं को रोजगार दो' की मुहिम को लेकर एक बार फिर हरियाणा की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। इसलिए पांच-पांच सालों से नतीजे घोषित नहीं किए जा रहे हैं। यदि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की औलाद होती तो उन्हें पता चलता कि जब एक पढ़ा लिखा बच्चा घर बैठा होता है तो उसके मां-बाप के दिल पर क्या बीतती है।
सरकार ने नौकरियों पर ग्रहण लगा दिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सत्ता का आनंद ले रहे हैं। वही प्रदेश की बेरोजगारी दर बढ़कर 34 फीसदी हो गई है। युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। यदि हरियाणा की सरकार हकीकत में युवाओं की हितैषी है तो अगले एक हीने में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन और पब्लिक सर्विस कमीशन के सभी परीक्षा परिणामों को घोषित कर दे और नई भर्तियों पर लगी रोक को भी हटा ले।