पूर्व सीएम हुड्डा और कांग्रेस नेता संपत सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
11 माह के लंबे इंतजार, विपक्ष का हमला और बगैर नेता प्रतिपक्ष विधानसभा सदन में उतरने वाली कांग्रेस की मुश्किलें नियुक्ति के बाद भी कम नहीं हो रही है। अब नेता प्रतिपक्ष के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा नियुक्ति करने पर पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संपत सिंह ने शीर्ष के फैसले पर सवाल उठाए हैं। संपत सिंह ने हुड्डा का नाम नहीं लेते हुए एक्स हैंडल पर लिखा कि लगातार पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले को फिर से पार्टी सौंप दी गई है। हालांकि, संपत सिंह के विरोध को लेकर पूर्व सीएम हुड्डा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
संपत सिंह ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके लिखा कि स्वर्गीय चौधरी भजनलाल के नेतृत्व में 2005 में 67 सीटें आने के बाद लगातार पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले को फिर से पार्टी सौंप दी गई है। एक साल के मंथन के बाद क्या यही बदलाव है? युवाओं को आगे क्यों नहीं बढ़ाया जा रहा?। इस क्षति की पूर्ति होना सिर्फ मुश्किल ही नहीं बल्कि नामुमकिन है। इस फैसले से पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हताश हैं और जनता में अविश्वसनीयता की स्थिति है। इस तरह पूर्व मंत्री ने कांग्रेस हाईकमान के चयन प्रक्रिया और नियुक्ति के फैसले पर सीधा निशाना साधा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि शीर्ष नेताओं के साथ मंथन के बाद जल्द ही युवा नेतृत्व में हाथ में प्रदेश की कमान होगी। इससे साफ झलकता है कि संपत सिंह का निशाना हुड्डा के साथ-साथ चयन को लेकर गुस्सा राहुल गांधी और शीर्ष के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं पर है।
इससे पूर्व 25 सितंबर को रोहतक में स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे संपत सिंह ने अपने संबोधन में बिना नाम लिए हुड्डा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पूछ रहे थे कि रैली रोहतक में क्यों कर रहे हैं, ये तो इनेलो की मर्जी है। उनका अपना घर संभालना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी ने उनको कॉल करके कहा कि रोहतक रैली में मत जाइए, इस पर उनका जवाब था कि चौधरी देवीलाल के कार्यक्रम में जाने से वह किसी के कहने पर नहीं रुक सकते हैं।