हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकार द्वारा निर्धारित मात्रा से कम राशन जारी करने की एक शिकायत पर कार्रवाई में जानबूझकर देरी करने पर सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी (सिरसा) संदीप कुमार को तुरंत प्रभाव से निलंबित किया है। साथ ही इस संबंध में उनके विरुद्ध नियम -7 के तहत कार्यवाही अमल में लाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के आयुक्त एवं सचिव इस मामले में की गई कार्रवाई रिपोर्ट 20 जुलाई तक भिजवाएं। सीएम विंडो पर आई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेश्वर दयाल ने बताया कि प्रेमचंद जैन निवासी भीम कॉलोनी सिरसा ने सीएम विंडो पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि सिरसा डीएफएससी कम-जिला मैनेजर कॉन्फेड सिरसा द्वारा निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा है। इस मामले में विभाग ने प्रदीप कुमार, जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी, सिरसा की अध्यक्षता में 1 जून, 2022 को एक जांच कमेटी गठित की गई थी, जिसमें संदीप कुमार, सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी, सिरसा को केंद्र सिरसा, रानियां व ऐलनाबाद को रिपोर्ट तैयार करने में मदद के लिए नियुक्त किया गया था।
19 सितंबर, 2022 को प्रदीप कुमार का तबादला हो गया। इसके बाद संदीप कुमार द्वारा जांच टीम में सबसे वरिष्ठ अधिकारी होने के कारण रिपोर्ट भिजवाई जानी बनती थी। 7 बार पत्र लिखने और रिमाइंडर भेजने पर भी सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई। मुख्यालय द्वारा 18 अप्रैल को एटीआर 10 दिनों के अंदर-अंदर भेजने बारे सख्त हिदायतें जारी की गई थी लेकिन फिर भी उनके द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। मामले में लापरवाही बरतने पर मुख्यमंत्री ने सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी को निलंबित कर दिया।