दक्षिणी हरियाणा में भी ट्रैकिंग को बढ़ावा देने पर काम कर रही सरकार: मनोहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में एडवेंचर को भी सामान्य खेल की तर्ज पर आगे बढ़ाने के लिए जो भी इन्फ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता होगी, उसे पूरा किया जाएगा, ताकि एडवेंचर खेलों में भी हमारे युवा अपनी धमक जमा सके। एडवेंचर स्पोर्ट्स के जरिये प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा दिया जाएगा। मोरनी में सरदार मिल्खा सिंह क्लब की स्थापना कर कई गतिविधियां संचालित की जा रही है। इसके अलावा अरावली की पहाड़ियों में भी ट्रैकिंग के रास्तों की तलाश की जा रही है, ताकि दक्षिण हरियाणा में भी एडवेंचर स्ट्रक्चर बढ़ाया जा सके।
सीएम ने कहा कि हरियाणा के गांवों के जीवन में एडवेंचर रचा बसा है। इसलिए 1100 युवाओं को ट्रेनिंग देकर एडवेंचर स्पोर्ट्स के व्यवसाय में लाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पर्वतारोही दल में 100 विद्यार्थी भाग भाग ले रहे हैं। इनमें 22 दिव्यांग हैं। मुख्यमंत्री ने कैथल की संजली, गुरूग्राम की मंजु, सोनीपत के जयदीप और श्रवण व वाणी बाधित मुस्कान व गौरव से सीधी बातचीत की और अपने स्वैच्छिक कोष से एडवेंचर क्लब को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने विद्यार्थियों से उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों और समस्याओं के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों के लिए पर्वतारोहण की एक अनूठी योजना चलाई है। इसके तहत जो विद्यार्थी पहाड़ों की सबसे ऊंची 10 चोटियों में से किसी एक की चढ़ाई करने पर 5 लाख रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाती है।
13 दिन के कार्यक्रम पर खर्च होंगे 40 लाख रुपये
शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा कि 13 दिन के पर्वतारोहण कार्यक्रम पर स्कूल एजूकेशन एकेडमिक सेल की ओर से 40 लाख रुपये खर्च किए जाएगे। इस पर्वतारोहण दल में जाने वाले 6111 मीटर की ऊंचाई पर लाहौल के भरतपुर युनाम पर्वत की चढ़ाई करेंगे। इस मौके पर एडवेंचर क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव हरियाणा एस सी चौधरी व निदेशक मौलिक स्कूल शिक्षा डॉ. अंशज सिंह ने भी अपने विचार रखे।