भाजपा के पूर्व सांसद व शपथ समारोह के संयोजक संजय भाटिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। इसके साथ एनडीए में शामिल घटक दलों के प्रमुखों और एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। केंद्र सरकार के सभी मंत्री, भाजपा शासित 11 राज्यों के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री, संगठन के वरिष्ठ नेता और देश के प्रबुद्ध व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने दावा किया है कि देश में पहली बार किसी राज्य में इतना भव्य शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है। संजय भाटिया ने बताया कि राज्य के विपक्षी नेताओं को भी समारोह में बुलाया जाएगा। इनमें पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला, इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व अन्य नेता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा को आगे बढ़ाने में हर किसी का योगदान रहा है। राजनीति अपनी जगह है। इसलिए विपक्ष के नेताओं को भी शपथ समारोह में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया है।
वाल्मीकि जयंती के दिन शपथ ग्रहण से बड़ा संदेश
17 अक्तूबर को वाल्मीकि जयंती है। इस दिन शपथ ग्रहण समारोह रखकर भाजपा दलित वर्ग को बड़ा संदेश देना चाहती है। विधानसभा चुनाव में सभी दलों ने दलितों को साधने के लिए पूरे प्रयास किए थे। दलों ने आरक्षण खत्म करने और संविधान में बदलाव को लेकर चुनावी तीर एक दूसरे पर साधे थे।
ड्रोन दीदी, प्रगतिशील किसान और सफाई कर्मचारी को भी निमंत्रण
समारोह को यादगार बनाने के लिए भाजपा ने पूरी तैयारी की है। भाजपा प्रवक्ता व सीएम के पूर्व मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय ने बताया कि समारोह में ड्रोन दीदी, प्रगतिशील किसान, सफाई कर्मचारी, उद्योगपतियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इन सभी के बैठने के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। सरकार की योजनाओं के लाभार्थी और प्रमुख खिलाड़ियों को भी निमंत्रण भेजा गया है।