अमर उजाला संवाद में पहुंचे सीएम मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल चुनावी साल में राजनीतिक विरोधियों पर चुन-चुनकर निशाने साध रहे हैं। अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में उन्होंने हरियाणा के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों पर बिना नाम लिए जुबानी हमला बोला।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि भ्रष्टाचार में एक पूर्व सीएम जेल में सजा भुगत रहे हैं, और दूसरे अब भी जेल जा सकते हैं। इससे वे इंकार नहीं करते। चूंकि, उनके खिलाफ देश की स्वतंत्र जांच एजेंसियां छानबीन में जुटी हुई हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर अनेक मामलों में सीबीआई जांच शुरू हो चुकी है। एजेएल प्लॉट आवंटन मामले में सीबीआई विशेष कोर्ट में सुनवाई जारी है।
अन्य भ्रष्टाचार के मामलों में जांच हो रही है। ढींगरा आयोग की रिपोर्ट को खारिज नहीं किया गया है, वह अब भी विचाराधीन है। आयोग के गठन को लेकर पूर्व सीएम हाईकोर्ट चले गए थे, चूंकि, उन्हें सच सामने आने का डर सता रहा था। वह चाहते थे कि रिपोर्ट पर किसी तरह से रोक लग जाए। आयोग की आगे की जांच को लेकर हाईकोर्ट के दो न्यायधीशों के मत भिन्न-भिन्न होने के कारण तीसरे न्यायाधीश को मामला भेजा गया है, जिस दिन रिपोर्ट सार्वजनिक होगी, उसमें क्या लिखा है, सबके सामने होगा।
अलमारी काटकर बदल दी थी फाइल
जेबीटी भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि पहले नौकरियों की फाइलें सीएम के घर जाती थी। पूर्व सीएम उसे साइड रखकर दूसरी फाइल भर्ती करने के लिए दे देते थे। ऐसे ही एक मामले में पूर्व सीएम को जेल हुई। जिस अलमारी में भर्ती की फाइल रखी थी, उसे पीछे से काटकर फाइल बदल दी गई और अलमारी को फिर बेल्डिंग से जोड़ दिया गया। अलमारी की चाबी जिसके पास थी, उसी के पास रही। लेकिन, जब जांच हुई तो पूरा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया।