जमीन खरीदने के मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे मुख्यमंत्री के पूर्व प्रधान ओएसडी नीरज दफ्तुवार के मामले को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि भ्रष्टाचार न तो कभी पहले सहन किया है और न आगे करेंगे। भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति चाहे नीचले स्तर का हो या फिर टॉप स्तर का हो। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस का अभियान जारी रहेगा।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पूर्व प्रधान ओएसडी पर आरोप लगाए हैं, यह मामला उनके संज्ञान में आया है। इसके लिए संबंधित विभाग से तथ्य मांगे हैं, तथ्य जांचने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकेगा।
गौरतलब है कि आप नेता अनुराग ढांडा ने पूर्व प्रधान ओएसडी नीरज दफ्तुवार और उनके परिवार पर 45 करोड़ रुपये की जमीन मात्र 75 लाख रुपये में खरीदने का आरोप लगाया है। ढांडा का आरोप है कि दफ्तुवार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए इसमें बड़े स्तर का भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने इस मामले की सीबीआई, ईडी की जांच की मांग करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय में भी इसकी शिकायत दी है।
जनसंवाद में गड़बड़ी की तो पुलिस करेगी कार्रवाई
आम आदमी पार्टी नेता द्वारा ओएसडी के मामले में कार्रवाई नहीं करने पर जनसंवाद कार्यक्रम में सवाल पूछने की चेतावनी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम गांव के लोगों का है। ऐसे किसी के कार्यक्रम में कोई भी दखल देगा तो पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी। लोकतंत्र में यह तरीका ठीक नहीं है। अगर कहीं पर किसी विपक्ष के कार्यक्रम में भी कोई व्यक्ति दखल देता है तो भी सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
24 से 26 मई तक महेंद्रगढ़ जिला में जन संवाद कार्यक्रम
चार जिलों के बाद आगामी 24 से 26 मई तक महेंद्रगढ़ जिला में मुख्यमंत्री का जन संवाद कार्यक्रम होगा। अब तक लगभग 50 गांवों में जन संवाद कार्यक्रम किया जा चुका है। इनमें 32 हजार 555 लोगों ने भागीदारी की है। इसके अलावा 5900 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिन्हें जन संवाद पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाग्राम योजना के तहत प्रदेश के 150 बड़े गांवों की फिरनी को पक्का किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के 750 गांवों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जा रही है।