सीएम ने कहा कि दूसरे दलों से आने वाले लोगों को पार्टी में शामिल करें और धीरे-धीरे उनमें पार्टी की विचारधारा का संचार करने का काम करें लेकिन इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोग पार्टी में दाखिल न हो पायें। मुख्यमंत्री ने संगठन को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
बताया कि साल 1998 में रोहतक में शक्ति सम्मेलन आयोजित किया गया था। उस दौरान साढ़े तीन हजार शक्ति केंद्र थे। कार्यक्रम बेहद व्यवस्थित था। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए उन्होंने रात एक बजे तक अपने हाथों से कार्यकर्ताओं के प्रवेश पास बनाये थे। कार्यक्रम में लाल कृष्ण आडवाणी व प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने भी भाग लिया था।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता हत्याकांड पर सीएम मनोहर लाल की दो टूक
सीएम मनोहर लाल का कहना है कि कांग्रेस को फरीदाबाद के विकास चौधरी हत्याकांड पर राजनीति नहीं करनी चाहिए, क्योंकि जिनके घर शीशे के होते हैं, उनको दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। सीएम शुक्रवार शाम प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों की मीटिंग से पहले मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि फरीदाबाद में हुई घटना दुखद है। पुलिस की पांच टीम हत्याकांड की जांच करने के लिए बनाई गई हैं। जल्द जिम्मेदार लोगों को पकड़ लिया जाएगा। साथ ही अदालत में कड़ी सजा दिलवाई जाएगी लेकिन कांग्रेस को इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। कांग्रेस को ऐसे लोगों को संगठन में शामिल करने से बचना चाहिए था। विकास चौधरी के खिलाफ न केवल 13 मामले दर्ज थे, बल्कि थाने में फोटो तक लगे थे।
प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग शनिवार को
प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग होगी। इसमें सभी 10 सांसद, पूर्व सांसद, मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी व संगठन के नेता भाग लेंगे। खुद सीएम मनोहर लाल कार्यकारिणी की मीटिंग को संबोधित करेंगे।
डेढ़ घंटा राष्ट्रीय संगठन मंत्री से की सीएम ने बंद कमरे में बात
सीएम मनोहर लाल दोपहर बाद रोहतक पहुंचे। कैनाल रेस्ट हाउस के बाद करीब सवा पांच बजे तिलियार झील पर्यटन केंद्र के बंद कमरे में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल से विधानसभा चुनाव व मौजूदा सियासी हालात पर चर्चा की। हालांकि मुलाकात में क्या मंथन हुआ, इसका ब्योरा सीएम ने मीडिया द्वारा सवाल पूछने पर भी नहीं दिया। करीब सात बजे सीएम रामलाल को बाहर गाड़ी तक छोड़ने आए।