फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजनाथ सिंह से मिले सीएम मनोहर लाल, हिसार हवाई अड्डा को लेकर की विस्तृत चर्चा

Wed, 30 Oct 2019 12:45 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से सीएम मनोहर लाल ने की मुलाकात - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरियाणा के मुख्यमंत्री का पद लगातार दूसरी बार संभालने के बाद मनोहर लाल प्रदेश के पहले हवाई अड्डे हिसार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में जुट गए हैं। मंगलवार को उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने रक्षामंत्री को अवगत करवाया कि दिल्ली आईजीआई हवाई अड्डे पर वायु यातायात के दबाव को कम करने के लिए हिसार हवाई अड्डा उपयुक्त स्थल है। 

विज्ञापन


तत्कालीन रक्षामंत्री व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस संबंध में पत्र लिखे गए थे, जिनमें हिसार हवाई अड्डे पर वायुसेना व सेना के विमानों और हेलिकॉप्टर की सर्विस के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) का मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (एमआरओ) हब स्थापित करने का अनुरोध किया गया था। हिसार में लगभग 3 हजार एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध है। इसके अलावा हिसार, दिल्ली से लगभग 160 किलोमीटर की दूरी पर है और राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के माध्यम से दिल्ली से जुड़ा हुआ है। 

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने रक्षा उत्पादों के उद्योग भी हरियाणा में स्थापित करने की रक्षा मंत्री से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री से आईएमटी, रोहतक में बुलेट प्रूफ जैकेट बनाने से संबंधित प्रतिरक्षा परियोजना को भी जल्दी पूरा करवाने का आग्रह किया है।

सीएम ने राजनाथ सिंह से हिसार हवाई अड्डे के निकट एक स्पेशल अलॉय प्लांट स्थापित करने, वायु सेना के गुरुग्राम स्थित आयुध डिपो के चारों तरफ 300 मीटर क्षेत्र और फरीदाबाद में तिगांव के चारों ओर 100 मीटर के संरक्षित क्षेत्र के मुद्दों पर भी बातचीत की। उन्होंने इस क्षेत्र में बसे हुए घरों के लिए कानून पर आधारित व्यावहारिक दृष्टिकोण से समाधान करने पर जोर दिया।

दूसरी बार सीएम बनने के बाद मनोहर लाल ने नई दिल्ली में पहली बार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद यह उनकी शिष्टाचार भेंट मानी जा रही है। उन्होंने हरियाणा के विधानसभा चुनाव और भविष्य में किए जाने वाले कामों के बारे में भी चर्चा की है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें