दुकान किराये पर या लीज पर है तो ये खुशखबरी आपके लिए है। एक फैसला आया है, जिसके बाद आपकी किस्मत बिल्कुल बदल जाएगी। दरअसल, प्रदेश स्तरीय व्यापारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कई ऐलान किए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में मौत होने की स्थिति में व्यापारियों को पांच तो प्राकृतिक आपदा, दंगे या उपद्रव में नुकसान होने पर प्रॉपर्टी का 25 लाख रुपये तक का सरकार मुफ्त बीमा देगी। इसके लिए आधा प्रीमियम व्यापारी कल्याण बोर्ड तो आधा सरकार जमा कराएगी।
व्यापारी जिला स्तर पर व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके लिए कल्याण बोर्ड की जिला समितियां बनाई जाएंगी। वे रविवार को रोहतक की पुराने आईटीआई मैदान में प्रदेशस्तरीय व्यापारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि सरकार व्यापारियों को जोखिम मुक्त माहौल प्रदान करने की दिशा में गंभीरता से प्रयास कर रही है। व्यापारियों की सुविधाओं और उनकी समस्याओं के जल्द समाधान के लिए जिला स्तर पर भी व्यापारी कल्याण बोर्ड की समितियां बनाई जाएंगी।
व्यापारियों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए उनके स्टॉक और भवन के अनुरूप 5 से 25 लाख तक की क्षतिपूर्ति योजना बनाई जाएगी। मंडियों में जिन दुकानों को 20 साल या अधिक कंप्लीशन का समय हो गया है और उन्हें अभी तक कंप्लीशन सर्टिफिकेट नहीं मिले हैं, उन्हें ये प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही व्यापारियों को 20 साल पुराने वैध कब्जों को वर्तमान मार्केट रेट के आधार पर अपने नाम रजिस्ट्री करवाने की सुविधा भी सरकार देगी।
व्यापारी कल्याण बोर्ड की मांग पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों के बाजारों और मंडियों में व्यापारियों की सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाजारों में शहरी स्थानीय निकाय और मंडियों में मार्केटिंग बोर्ड द्वारा सीसीटीवी लगवाने का कार्य करवाया जाएगा।
वन टाइम पॉलिसी से वैध होंगी अवैध बिल्डिंग
मनोहर लाल खट्टर
जीएसटी और कामर्शियल वाहनों की लोड क्षमता बढ़ाने की मांग केंद्र के पाले में
सीएम ने व्यापारी कल्याण बोर्ड द्वारा जीएसटी का रिटर्न तीन महीने में भरने और कॉमर्शियल वाहनों की लोड क्षमता डेढ़ गुणा बढ़ाने की मांग पर कहा कि, दोनों विभाग केंद्र सरकार के पास हैं। वे केंद्र को व्यापारियों की परेशानियों के संबंध में पत्र लिखेंगे।
ईज ऑफ डूइंग में प्रदेश दूसरे स्थान पर आया
सीएम ने व्यापारियों का आह्वान किया कि इंस्पेक्टर राज छुटकारा दिलाने के लिए सरकार ने ऑनलाइन सिस्टम को बढ़ावा दिया है। ई-टेंडरिंग और ई-असेस्मेंट की सुविधा के अलावा व्यापारी ऑनलाइन अपील भी कर सकते हैं और उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने से निजात दिलवाई गई है। उन्होंने बताया कि 2014 में जब भाजपा ने सत्ता संभाली थी तो प्रदेश ईज ऑफ डूइंग (उद्योग-धंधों की स्थापना में सहूलियतें देने के मामलों) में 14वें स्थान था, जो 2016 में छठे स्थान पर पहुंचा। इस समय अप्रैल में फिर से इसकी रैंकिंग का कार्य चल रहा है, जिसमें दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं और जल्द ही नंबर एक पर होंगे।
बदली, भर्ती और सीएलयू की नहीं सरकार
सीएम ने कहा कि पहले बदली, भर्ती और सीएलयू उद्योग चलता था, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे बंद कर दिया है। पारदर्शी तबादला नीति लागू करके भ्रष्टाचार पर प्रहार किया है। अभी हाल ही में भर्तियों के लिए पैसे लेने वाले एक बड़े गिरोह पकड़ा गया है, जिसे सलाखों के पीछे भेजा गया है। भ्रष्टाचार प्रदेश के किसी भी कोने में हो, उसे निकाल बाहर करेंगे।
कौन मंत्री और नेता क्या बोला...
मुख्यमंत्री मनोहर लाल
व्यापारी हर वर्ग का भला सोचता है : बराला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि व्यापारी एक ऐसा वर्ग है, जो सदा हर वर्ग के भले की सोचता है। क्योंकि किसान, नौकरीपेशा और दूसरा वर्ग तरक्की करेगा, तभी व्यापार आगे बढ़ेगा। सरकार इसी व्यापारी वर्ग को सुरक्षात्मक माहौल उपलब्ध करवा रही है।
मायावती को बदलना पड़ा तिलक-तराजू और तलवार का नारा
शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि रोहतक की जमीं पर ही प्रदेश का शांतिपूर्ण वातावरण और आपसी भाईचारा खराब करने का षड्यंत्र रचा गया था, जिसमें वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु का घर भी जल गया था। प्रदेश सरकार ने तत्परता दिखाते हुए उपद्रवियों द्वारा जलाई गई 2476 दुकानों के मालिकों को एक महीने के अंदर 102 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया। सरकार हर दुख-दर्द में 24 घंटे व्यापारियों के साथ खड़ी है। बसपा नेता मायावती पर कटाक्ष करते हुए शर्मा ने कहा कि मायावती की सरकार नहीं बनी तो वे कांशीराम के पास गई। कांशीराम ने कहा कि पहले तो अपने नारे को बदलो, क्योंकि तिलक-तराजू और तलवार के बिना किसकी सरकार नहीं बन सकती। अगर बनी तो चल नहीं सकती।
सत्ता न मिलने का दर्द प्रदेश को जलाकर निकाला
वहीं, वित्तमंत्री अभिमन्यु ने कहा कि पूर्व की सरकार के नेताओं के हाथ से जब सत्ता निकल गई तो उन्होंने अपना दर्द प्रदेश को दंगों की भेंट में जलाकर निकाला। पूर्ववर्ती सरकारों में व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर बुरी नजर रखी जाती थीं, उन्हें डराया धमकाया जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार आने के बाद व्यापारी भयमुक्त होकर अपना कारोबार कर रहे हैं।
मैं रोहतक की बेटी हूं, व्यापारी परिवार में पैदा हुई: कविता जैन
Manohar Lal Khattar
- फोटो : File Photo
वहीं, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने कहा कि मैं रोहतक की बेटी हूं और व्यापारी परिवार में जन्मी हूं। इस नाते रोहतक में आयोजित व्यापारियों के इस सम्मेलन के लिए सभी को बधाई देती हूं। व्यापारियों के हितों के लिए पूर्ववर्ती सरकारों के समक्ष भी व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग समय-समय पर रखी गई, लेकिन इसे पूरा करने का कार्य वर्तमान सरकार द्वारा ही किया गया। उन्होंने सरकार द्वारा व्यापारियों के हित में शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी।
व्यापारियों की उम्मीदों पर खरी उतरी सरकार : विपुल गोयल
उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने सफल आयोजन की बधाई देते हुए रोहतक की भूमि को समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों पर पूरी तरह से खरी उतरी है।
एक सप्ताह में मिल रहा अब बिजली कनेक्शन
परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि अपनी मांगों व समस्याओं के लिए सड़कों पर उतरने पर पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा व्यापारियों पर लाठीचार्ज किया जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसा एक भी मामला सामने नहीं आया है। व्यापारियों और उद्योगपतियों की सुविधा के लिए एक सप्ताह के अंदर बिजली कनेक्शन मिलता है और उनके हित सरकार के हाथों में पूरी तरह से सुरक्षित हैं। व्यापारी सम्मेलन को श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद रमेश कौशिक, रेवाड़ी विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास और लाडवा विधायक पवन सैनी ने भी संबोधित किया।
सम्मेलन ये रहे मौजूद
व्यापारी सम्मेलन में भाजपा के संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, विधायक लतिका शर्मा, हिसार विधायक डॉ. कमल गुप्ता, बहादुरगढ़ विधायक नरेश कौशिक, कुलवंत बाजीगर, घनश्याम सर्राफ, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, व्यापारी कल्याण बोर्ड सदस्य रवि सैनी, सतीश जोशी, प्रदेश महासचिव संजय भाटिया और गो सेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला भी मौजूद रहे।