मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते सीएम मनोहर लाल।
- फोटो : अमर उजाला
राज्य स्तरीय अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के सहयोग से राधाकृष्णन सभागार में किया गया। सीएम मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में पहुंचे और बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अमर उजाला के कार्यकम को सराहा और कहा कि यह सार्थक पहल है।
टॉपर्स को मिले मेडल और प्रमाणपत्र
समारोह में 12वीं कक्षा की कॉमर्स टॉपर साक्षी और मुस्कान, साइंस टॉपर पायल, आर्ट्स टॉपर काजल और दसवीं टॉपर सुनैना को सम्मानित किया गया। टॉपर्स को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके लिए प्रदेशभर के मेधावी व उनके अभिभावक पहुंचे। सम्मानित किए जाने वाले विद्यार्थी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी टॉपर्स की सूची के अनुसार हैं।
छात्रवृत्ति का जीवन में बहुत महत्व
इससे पहले अपने संबोधन में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि मेरे लिए प्रसन्नता का विषय है कि मैं अमर उजाला के ऐसे कार्यक्रम में तीसरी बार आ रहा हूं। इस दौरान सीएम ने अपने बचपन को याद किया। सीएम ने कहा कि लगभग 300 बच्चों को बुलाया गया है, जो टॉपर्स हैं, लेकिन इनसे पीछे जो कॉम्पटिशन में रहे हैं वो भी कमजोर नहीं है। जो चौथे पर रहा वो चाहता है कि तीसरे पर आए तीसरे वाला दूसरे पर, दूसरे वाला पहले पर और पहले वाला चाहेगा प्रथम रहे।
सीएम ने कहा कि बीज को अच्छी भूमि वातावरण पानी मिल जाए तो वो पेड़ बनकर छाया देता है, फल देता है। ऐसे ही विदर्थियों को अच्छा विद्यालय मिल जाए, छात्रवृत्ति मिल जाए, अच्छा वातावरण मिल जाए तो बच्चा एक अच्छा नागरिक बनता है और समाज को फल देता है। इसी प्रकार के कार्यक्रम बच्चे के लिए वातावरण का काम करते हैं। इस छात्रवृत्ति का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। यह सहायता करता है। उन्होंने अमर उजाला के अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति कार्यक्रम की भी तारीफ की। इसके अलावा अमर उजाला के रक्तदान शिविर, गांव गोद लेने जैसे सेवा के कामों की भी सीएम ने सराहना की।
स्कूलों में ड्राप आउट शून्य करना लक्ष्य
सीएम ने कहा कि हरियाणा के विद्यार्थियों को 7.5 लाख टैबलेट दिए जा रहे हैं। स्मार्ट क्लास शुरू की गई है। स्कूलों के भवनों में सुधार के लिए कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, कुछ एरिया में शुरू किया गया है। जिसके आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। सुपर 100 योजना के तहत गरीब बच्चों को नीट जैसे पेपर की तयारी करवा रहे हैं। 4000 प्ले वे स्कूल खोले गए हैं। स्कूल में ड्रॉप आउट शून्य करना हमारा लक्ष्य है। इसे शिक्षा विभाग चिन्हित करेगा।
18 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती
सीएम ने कहा कि अगले मार्च अप्रैल तक 18000 टीचर भर्ती होंगे और 11000 रेगुलर होंगे। 5 से 18 साल के हर बच्चे का स्कूल जाना सुनिश्चित किया जाएगा। सीएम ने छात्रों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए अपना संबोधन समाप्त किया।
इससे पहले सीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उसके बाद अमर उजाला के समूह संपादक उदय सिन्हा ने सीएम को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मंच पर सीएम के साथ एमडीयू वीसी प्रोफेसर राजबीर सिंह और बोर्ड चेयरमैन जगबीर सिंह मौजूद हैं।