हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि लोकतंत्र में किसी की जीत होती है, तो किसी की हार भी होती है। सियासत करने वालों को हार पचाना भी सीखना चाहिए। वे मंगलवार को यहां शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के निवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
राज्यसभा चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार की हार पर सत्ता पक्ष पर लगाए जा रहे आरोपों के मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की ओर से समर्थित उम्मीदवार की हार हुई है, इसलिए ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली कहावत के अनुसार वे आरोप-प्रत्यारोप पर आ गए हैं। उन्हें हार पचाना भी सीखना चाहिए। इस हार का कोई कारण है तो वे स्वयं इसको ढूंढें।
वोट रद होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके वोट रद हुए हैं, वो उनकी किस मानसिकता से रद हुए। यह तो वही जानें, जिन्होंने वोट डाला है। उन्होंने कहा कि किसी के ऊपर दोषारोपण करना सरासर गलत है। सभी विधायकों ने स्वतंत्र रूप से अपने मन से वोट डाला है। इस चुनाव में दो प्रत्याशी जो चुनाव जीत गए, उनमें एक भाजपा का है और दूसरा भाजपा समर्थित है।
एक विधायक पर पेन बदलने के आरोप के प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोप लगाने वाले चुनाव आयोग से शिकायत कर सकते हैं। मुझे पता चला है कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत भी की है, अब यह मामला चुनाव आयोग ही देखेगा।
कांग्रेस छोड़ रहे हुड्डा :
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा है कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस में जो भी मुख्यमंत्री बना उसने अलग पार्टी बनाई। बंसी लाल और भजन लाल ने भी बनाई थी अलग पार्टी। अब एक बार फिर उसी दिशा में हुड्डा के कदम बढ़ रहे हैं।
श्री कृष्ण औषधालय बनेगा आयुष विश्वविद्यालय :
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक इस सप्ताह तक चलेगी। कैबिनेट बैठक में कुरुक्षेत्र में श्री कृष्ण औषद्यालय को आयुष विश्वविद्यालय बनाने को मंजूरी दी जाएगी। आयुष विश्वविद्यालय का प्रारूप तैयार हो गया है।