हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत गुरुवार सुबह 11 बजे राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य के अभिभाषण के साथ होगी। आर्य प्रदेश की गठबंधन सरकार का लेखा जोखा सदन में रखने के साथ ही भविष्य का रोडमैप भी पेश करेंगे। अभिभाषण के जरिए सरकार अपनी प्राथमिकताएं और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालेगी।
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सत्र की अवधि तय की जाएगी। विधानसभा सचिवालय ने 20 फरवरी से 3 मार्च तक सत्र का संभावित कार्यक्रम जारी किया हुआ है। कमेटी की बैठक में उसमें अमूलचूल परिवर्तन हो सकता है। संभावित कार्यक्रम अनुसार हर दिन सिंगल सिटिंग ही रखी गई है।
कमेटी किसी दिन सिंगल सिटिंग को डबल करने का निर्णय ले सकती है। बजट 28 फरवरी को पेश करने का अंतिम निर्णय भी कमेटी की बैठक में ही होगा। बजट सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना है। कांग्रेस ने धान खरीद घोटाले, न्यूनतम साझा कार्यक्रम तय न होने, सामाजिक, वृद्धावस्था पेंशन मात्र 250 रुपये बढ़ाने सहित जनहित के अनेक मुद्दों पर सरकार को घेरने का निर्णय लिया है।
इनेलो विधायक अभय चौटाला भी सरकार पर अनेक मुद्दों को लेकर हमलावर रहेंगे। गुरुवार को दो बजे सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक भी होगी। इसमें नई आबकारी नीति को मंजूरी दी जाएगी। जिन पंचायतों ने शराब ठेके न खोलने के प्रस्ताव भेजे हैं, उनमें ठेके नहीं खुलेंगे। बैठक में जनहित से जुड़े अनेक निर्णय होंगे।