अब छह वर्ष से ही सुरक्षा चक्र
सरकार ने दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अलग-अलग आयु वर्ग में छह साल से 60 साल की उम्र तक के लोगों को सुरक्षा बीमा दिया जाएगा। बीमा राशि एक लाख से लेकर पांच लाख रुपये तक होगी। प्रीमियम सरकार देगी।
खिलाड़ियों के लिए भी बीमा योजना
प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अब मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स इंश्योरेंस बेनिफिट योजना की शुरुआत होगी। अंबाला और पंचकूला में खेल अकादमी और 200 बिस्तर क्षमता के खेल छात्रावास होंगे स्थापित। अगले शैक्षणिक स्तर से स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में शुरू होंगे दाखिले।
दो साल में चार हजार प्ले-वे स्कूल
प्रदेश में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा मजबूत करने के लिए अगले दो वर्षों में चार हजार और आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले-वे स्कूल में बदलने का एलान सीएम ने किया है। तीन लाख सालाना आय वाले परिवारों के 1000 बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग सरकार द्वारा करवाई जाएगी।
जाम से निजात के लिए एलीवेटेड ट्रैक
बहादुरगढ़ और कैथल में रोहतक की तर्ज पर एलिवेटिड रेल ट्रैक बनाया जाएगा। इसी तरह से हिसार और बल्लगढ़ शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए एलिवेटेड पुल बनेंगे। पांच हजार किमी लंबाई की सड़कों का होगा सुधार। प्रदेश के 14 शहरों में बाईपास बनाने का निर्णय।
गुरुग्राम में अरावली सफारी पार्क
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के सहयोग से गुरुग्राम व नूंह में 10 हजार एकड़ भूमि पर अरावली सफारी पार्क विकसित होगा। सभी जिलों में अमृत वन विकसित किए जाएंगे। गांवों में बणीं (छोटा वन्य क्षेत्र) को फिर से अस्तित्व में लाने के लिए हरियंका बणी पुनर्वास योजना होगी शुरू।
विधानसभा के लिए 50 करोड़
चंडीगढ़ में ही हरियाणा के लिए नई विधानसभा बनाने की के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा चंडीगढ़ में हरियाणा के कर्मचारियों के लिए मल्टी-स्टोरी फ्लैट बनेंगे। कर्मचारियों के रहने की दिक्कत के चलते सरकार ने यह फैसला किया है।