विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
हरियाणा का बजट पेश कर दिया गया है। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
गोशालाओं में लगेंगे सौर ऊर्जा के संयंत्र
गोशालाओं में 2021-22 के दौरान 1200 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा सयंत्र लगाए जाएंगे। 330 गोशालाओं में 1991 किलोवाट की संचयी क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की योजना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में दी जाएगी स्ट्रीट लाइट की सुविधा
ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट की सुविधा दी जाएगी। 2021-22 के दौरान 6000 सोलर एलईडी लाइट, 12 वाट की 5000 एलईडी सोलर स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरा वाली 1000 हाई मास्ट एलईडी सोलर लाइट लगाई जाएंगी।
हरियाणा के पुलिस बल में बढ़ेगी महिलाओं की संख्या
हरियाणा में पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की योजना है। गुरुग्राम में महिला बटालियन, हिसार में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
लोहारू किले को सरकार अपने संरक्षण में लेगी
भिवानी का लोहारु किला, तिगड़ाना हड़प्पा स्थल, फतेहाबाद का कर्णकोट, फरीदाबाद में बल्लभगढ़ स्थित रानी की छतरी, नूंह का पुराना तहसील भवन, मकबरा परिसर तावडू, चुहिमल की छतरी, जींद का किला जफरगढ़, जिला झज्जर की दुजाना स्थित लाल मस्जिद, बाघवाली कोठी, कैथल किला को सरकार अपने संरक्षण में लेगी।
सात जिलों में बनेंगे समेकित सैनिक सदन
पूर्व सैनिकों के लिए समेकित सैनिक सदन सात जिलों में बनेंगे। रक्षा बलों में भर्ती होने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, तकनीकी कार्य प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करने पर विचार कर रही है।
बजट में पुलिस विभाग को 5779 करोड़ रुपये आवंटित
बजट में पुलिस विभाग को 5779, नगर एवं ग्राम योजना विभाग को 1121, पर्यटन को 113, खनन को 73, पुरातत्व व अभिलेखागार को 143, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को 281 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
1.80 लाख रुपये प्रति वर्ष आय मिलेगी वित्तीय मदद
1.80 लाख रुपये प्रति वर्ष आय और 5 एकड़ प्रति परिवार तक की कुल जोत वाले परिवारों को सालाना 6 हजार रुपये की वित्तीय मदद मिलेगी।
शुरू होगी ओपन लूप टिकटिंग सिस्टम
जून 2021 तक राज्य परिवहन में मैनुअल टिकट प्रणाली के स्थान पर ओपन लूप टिकटिंग सिस्टम और जीपीएस सिस्टम शुरू किया जाएगा। 124 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगे।
हिसार, सोनीपत और पंचकूला में बनेंगी प्रयोगशाला
पशुधन और पोल्ट्री रोग डायग्नोसिस के लिए हिसार, सोनीपत और पंचकूला में आरटी पीसीआर के लिए तीन बायो सेफ्टी लेवल 2 प्रयोगशाला स्थापित की जाएंगी।
स्थापित होगा नया दुग्ध संयंत्र
दक्षिण हरियाणा में एक नया दुग्ध संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इसकी क्षमता 3 लाख लीटर पैकिंग प्रतिदिन की होगी।
हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर बनाए जाएंगे 20 हजार मकान
हरियाणा हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर 20000 मकान बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को नोडल विभाग बनाया जाएगा।
फिल्म सिटी के तौर पर विकसित होंगे पिंजौर व गुरुग्राम
पिंजौर व गुरुग्राम फिल्म सिटी के तौर पर विकसित होंगे। हिसार, करनाल, पिंजौर और नारनौल में हवाई अड्डों पर नाइट लैंडिंग हो सकेगी।
डाटा सेंटर नीति बनेगी
डाटा सेंटर नीति बनाई जा रही। इको सिस्टम स्थापित होगा। बोर्ड, निगमों व विश्वविद्यालय में ई ऑफिस का पूर्ण क्रियान्वयन होगा। वर्ष 2021 22 के दौरान 6000 सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइट, 12 वाट की 5000 एलईडी सोलर स्ट्रीट लाइट ओर सीसीटीवी कैमरा वाली 1000 हाईमास्ट सोलर लाइट्स लगाई जाएंगी।
सक्षम युवा योजना होगी संशोधित
सक्षम युवा योजना संशोधित होगी। हरियाणा में 18 से 60 साल के 8.36 लाख बेरोजगार हैं। इनमें से 20 से 35 साल के बेरोजगार को रोजगार के लिए कुशल बनाया जाएगा। तहसील, उपतहसील व ब्लॉक में डिजिटल कनेक्टिविटी पर जोर रहेगा
श्रम विभाग के बजट में 40 फीसदी की बढ़ोतरी
श्रम विभाग को 1823 करोड़ आवंटित। बजट में 40 फीसदी की वृद्धि। पटौदी बाईपास सहित गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी सड़क के चार मार्गीय का कार्य 2021 22 मे किया जाएगा। कैथल जींद हांसी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर इसको चार मार्गीय बनाने का प्रस्ताव।
50 हजार युवाओं को मिलेगी निजी क्षेत्र में नौकरी
2021-22 में निजी क्षेत्र में हरियाणा के युवाओं को न्यूनतम 50 हजार नौकरियां दी जाएंगी। 2021-22 में सिकरोना, फरीदाबाद, इंद्री, करनाल व जीवननगर सिरसा में 3 नए आईटीआई शुरू होंगी।
फीडर स्कूल बनेगा
विश्वकर्मा कौशल विश्विद्यालय में नौंवी से आगे के विद्यार्थियों को दाखिला के लिए फीडर स्कूल बनेगा। विश्वकर्मा कौशल रथ नाम से मोबाइल आईटी लैब विकसित की जाएगी। इसी विश्वविद्यालय में पीएचडी के लिए अनुसंधान डिग्री कार्यक्रम शुरू होगा।
शिक्षा क्षेत्र को 18140 करोड़ रुपये
शिक्षा क्षेत्र को 18140 करोड़ आवंटित। बीते बजट की तुलना 17.8 करोड़ की वृद्धि हुई है। पोंटा साहिब से कलेसर तक यमुना नदी के प्रवाह क्षेत्र पर हथिनीकुंड बैराज की अपस्ट्रीम में एक बांध बनाने का प्रस्ताव। यह 20.43 प्रतिशत केचमेंट एरिया में उत्पन्न बाढ़ के पानी का भंडारण करेगा।
मानेसर पॉलीटेक्निक में बनेगा इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी संस्थान
पॉलीटेक्निक मानेसर में इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी संस्थान बनेगा। एमडीयू व केयू में केजी से पीजी प्रणाली शुरू होगी। 20 करोड़ रुपये आवंटित होंगे। कॉलेज व विश्विद्यालयों में एल्युमनी सप्ताह आयोजित होंगे
परिवहन को 2408 करोड़ रुपये स्वीकृत
परिवहन को 2408, वन विभाग को 443 ओर पर्यावरण के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 2025 तक ऊष्मायन केंद्र से 50 प्रतिशत छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा देने का लक्ष्य। 10 करोड़ आवंटित होंगे। एमडीयू व केयू में केजी से पीजी प्रणाली शुरू होगी। 20 करोड़ रुपये आवंटित होंगे
विशेष शिक्षा क्षेत्र बनेंगे
हरियाणा में विशेष शिक्षा क्षेत्र बनेंगे। वंचित छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उच्च वित्तीय सहायता के लिए 114 करोड़ रुपए का जेंडर इनक्लूजन फंड बनेगा। हिसार, करनाल में भी सुपर 100 कार्यक्रम के दो केंद्र बनेंगे। 10 करोड़ रुपये आवंटित होंगे।
परिवहन वाहन फिटनेस के लिए छह केंद्र होंगे स्थापित
परिवहन वाहनों की फिटनेस को लेकर 6 केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें अम्बाला, करनाल, हिसार, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरुग्राम शामिल हैं। फिलहाल केवल रोहतक में एक केंद्र है
नौवीं से बारहवीं तक के सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा
नौवीं से बारहवीं तक के सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा मिलेगी। 192 करोड़ रुपये गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवंटित किए गए हैं।
2025 तक राष्ट्रीय शिक्षा नीति को पूर्ण रूप से लागू करने का लक्ष्य
सरकारी स्कूलों में 700 करोड़ से डिजिटल क्लास रूम बनाने के साथ टैबलेट का प्रावधान होगा। 2025 तक राष्ट्रीय शिक्षा नीति को पूर्ण रूप से लागू करने का लक्ष्य है। पहली से तीसरी तक के 8400 स्कूलों के 6 लाख विद्यार्थियों को प्रारंभिक भाषा व गणितीय कौशल प्रदान किया जाएगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 7731 करोड़ का बजट
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 7731 करोड़ का बजट पेश किया गया है। यह बीते वित्त वर्ष से 20 फीसदी ज्यादा है। राजस्व विभाग के लिए 1302 और आबकारी कराधान विभाग के लिए 285 करोड़ देने का प्रस्ताव पेश किया गया है।
पिछले साल से 11.36 फीसदी अधिक है राजस्व
2020-21 के दौरान फरवरी 2021 तक 26038 करोड़ रुपये का राजस्व एकत्र किया, यह पिछले साल से 11.36 प्रतिशत अधिक है।
पंचकूला में बनेगा राज्य स्तरीय चोट उपचार पुनर्वास केंद्र
खेलो इंडिया गेम्स 2021 के लिए पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में हॉकी, फुटबॉल, बास्केटबॉल व वॉलीबॉल के नए मैदान बनाए जाएंगे। पंचकूला में राज्य स्तरीय चोट उपचार पुनर्वास केंद्र स्थापित होगा। मंडल स्तर के ये चार केंद्र रोहतक, गुरुग्राम, करनाल व हिसार में बनेंगे।
अग्रोहा में बनेगा कैंसर विज्ञान केंद्र
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में कैंसर विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा। अनुबंध आधार पर 100 आयुष सहायकों व 22 आयुष कोच की भर्ती होगी। सभी के लिए खेल विजन लागू होगा।
हरियाणा कैशलेस स्वास्थ्य योजना का विस्तार
कर्मचारियों, पेंशनर व उनके आश्रितों को इनडोर उपचार के लिए हरियाणा कैशलेस स्वास्थ्य योजना का विस्तार किया गया है। 5081 करोड़ सिंचाई ओर 3402 करोड़ जन सवास्थ्य विभाग के लिए आवंटित किए गए हैं।
सीएचसी में होगा अल्ट्रासाउंड व अन्य डायग्नोस्टिक सेवाओं का विस्तार
कैथल जिले के कस्बे राजौंद ओर हिसार के सिसाय में एसटीपी स्थापित किए जाएंगे। सीएचसी में अल्ट्रासाउंड व अन्य डायग्नोस्टिक सेवाओं का विस्तार होगा। हर जिला अस्पताल में आईसीयू व प्राइवेट रूम स्थापित होंगे।
एक हजार हेल्थ वेलनेस सेंटर होंगे शुरू
5 लाख रुपये तक की सालाना आय वाले परिवारों को अनुपातिक आधार पर लाभ दिया जाएगा। 1000 हेल्थ वेलनेस सेंटर शुरू होंगे।
आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाया
आयुष्मान भारत योजना का लाभ आठ और श्रेणियों को मिलेगा।
एसवाईएल नहर के निर्माण के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
एसवाईएल नहर के निर्माण के लिये 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। मेवात को पेयजल उपलब्ध करने को 100 क्यूसिक की मेवात फीडर नहर का निर्माण होगा।
हरियाणा में 350 चिकित्सा अधिकारी भर्ती होंगे
हरियाणा में 350 चिकित्सा अधिकारियों और 60 दंत चिकित्सकों के पद सृजित होंगे। हर सिविल अस्पताल में 200 बेड उपलब्ध कराए जाएंगे।
नई बीमा योजना शुरू होगी
हरियाणा में सर्वसमावेशी बीमा योजना शुरू होगी। बीमा योजना के लिए 2021-22 में 10798 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
1135 प्ले स्कूल शुरू होंगे
नई शिक्षा नीति के तहत 21962 आंगनबाड़ी में सरकार स्कूल से पूर्व शिक्षा देगी। 1135 प्ले स्कूल मार्च 2021 से शुरू होंगे। दूसरे चरण में 2865 आंगनवाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल में अपग्रेड किया जाएगा।
एससी वर्ग को कानूनी मामलों की पैरवी के लिए राशि दोगुनी
सरकार एससी वर्ग को कानूनी मामलों की पैरवी के लिए राशि दोगुनी कर दी गई है। अब सरकार इसके लिए 22 हजार रुपये देगी।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ी
सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 250 रुपये की वृद्धि का एलान किया गया। पहली अप्रैल से 2500 रुपये पेंशन मिलेगी।
2025 तक चलेगा मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान अभियान
मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान अभियान 2025 तक चलाया जाएगा। सीएम ने कहा कि उम्मीद है तब तक गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाला कोई परिवार नहीं बचेगा
मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान अभियान होगा शुरू
मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान अभियान शुरू होगा। एक लाख निर्धनतम परिवारों की पहचान कर उनकी न्यूनतम आर्थिक सीमा 1.80 लाख तक पहुंचाने को कदम उठाए जाएंगे। 2021-22 के लिए राजकोषीय घाटा सकल राज्य घरेलू उत्पाद का 3.83 फीसदी अनुमानित है।
प्रदूषण मुक्त खेती प्राथमिकता
प्रदूषण मुक्त खेती की प्राथमिकता है। तीन साल में एक लाख एकड़ क्षेत्र को कवर किया जाएगा। किसान मित्र नई योजना शुरू होगी। 1000 किसान एटीएम स्थापित किए जाएंगे।
सीमा से कम लिया कर्ज
मनोहर लाल ने कहा कि कोरोना के बावजूद 30 हजार करोड़ रुपये ही कर्ज लिया। 40661 करोड़ रुपये तक कर्ज ले सकते थे।
राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद के 3 फीसदी के भीतर
45066 करोड़ स्टेट डेवलपमेंट गोल से सबंधित योजनाओं के लिए आवंटित किए गए। राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद के 3 फीसदी के भीतर है।
75 फीसदी राजस्व होगा व्यय
25 प्रतिशत पूंजीगत खर्च और 75 फीसदी राजस्व व्यय होगा। नव वर्ष में 125 नई मृदा जांच प्रयोगशाला स्थापित की जाएंगी।
155645 करोड़ का बजट पेश
हरियाणा सरकार ने 155645 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। नई रणनीति के तहत विकास होगा। बीते वर्ष के बजट से 13 फीसदी अधिक बजट प्रस्ताव पेश किया गया है।
स्वास्थ्य सेवा पर ध्यान देना मुख्य ध्येय
मनोहर लाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा पर ध्यान देना मुख्य ध्येय है। कृषि के लिए योजनाओं पर बल देने वाला बजट है। परीक्षण प्रयोगशालों को बढ़ाना लक्ष्य है। अर्थव्यवस्था को बढ़ोने के लिए निवेश बढ़ाने की जरूरत है।
किसानों की आय बढ़ाने पर होगा फोकस
बजट में किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस होगा। स्वास्थ्य, कृषि व बुनियादी ढांचे की पहचान प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में की गई है। फ्रेमवर्क रिजर्व फंड बनेगा।
हरियाणा को आगे ले जाएगा बजट
सीएम बोले, बजट हरियाणा को तेजी से विकास पथ पर ले जाने वाला होगा। 5080 गांवों में 24 छंटे बिजली दी जा रही है, आगे अन्य गांवों को भी इस योजना में शामिल करेंगे।
विधायकों से मिले 410 सुझाव
सीएम ने कहा कि विधायकों, सांसदों से 410 सुझाव मिले। इनमें से 54 सुझाव ही बजट से जुड़े थे, बाकी क्षेत्र की मांगों के थे। सीएम ने कहा कि पूंजी निवेश के माध्यम से अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाना बजट का मुख्य उद्देश्य है।
कोरोना राहत कोष का गठन
हरियाणा में कोरोना राहत कोष का गठन किया गया।
कोरोना काल की बात की
सीएम ने कहा कि कोविड की चुनौतियों के बीच वर्ष 2021 22 का बजट तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व के कारण ही हम कोरोना से लड़ पाए हैं।
सीएम ने बजट पढ़ना शुरू किया
सीएम मनोहर लाल ने बजट भाषण शुरू किया। उन्होंने सबसे पहले दांडी मार्च की बात की। सीएम टैब पर बजट पढ़ रहे हैं।
सदन में आए सीएम
सीएम मनोहर लाल टैब लेकर सदन के अंदर दाखिल हुए।
पिछले बजट में हुई थी चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा
पिछले बजट में भिवानी, जींद, महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम में चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की गई थी। प्रत्येक जिले में कैथ लैब, एमआरआई, प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासांउड का प्रावधान था।
विधानसभा पहुंचे मनोहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल विधानसभा पहुंच गए हैं। इससे पहले उन्होंने बजट की कापी साइन की और मुस्कुराते हुए कहा कि सब अच्छा होगा।
आजादी की वर्षगांठ को होगा समर्पित
बजट पेश करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल विधानसभा के लिए निकल गए हैं। इससे पहले उन्होंने कहा कि बजट आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित होगा। उन्होंने बजट की कापी साइन कर दी है।
बीते बजट में इन क्षेत्रों पर था फोकस
कृषि के लिए 5,474 करोड़ रुपये आवंटित करते हुए किसानों को बड़ी राहत दी गई थी। 7.50 रुपये प्रति यूनिट की जगह 4.75 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली देने का सीएम ने एलान किया था।
1,42,34,378 करोड़ रुपये था 2020-21 का बजट
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 28 फरवरी 2020 को विधानसभा में वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 1,42,34,378 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। उन्होंने पूरा बजट भाषण पढ़ने में 2 घंटे 32 मिनट लगाए थे। सूटकेस की जगह टैब से बजट प्रस्तुत करने की उन्होंने शुरुआत की थी।
बिजली विभाग का मुनाफा बढ़ा : चौटाला
बजट से पहले ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत चौटाला ने कहा कि बिजली विभाग का मुनाफा बढ़ा है और बिजली व्यवस्था व वितरण में लगातार सुधार हो रहा है। निरन्तर 24 घण्टे बिजली देने के लक्ष्य की तरफ बढ़ रहे हैं। धीरे धीरे सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री बोले, हमेशा जनहित का रहा है हरियाणा का बजट
बजट से पहले ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत चौटाला ने कहा कि हरियाणा के बजट हमेशा जनहित में रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर वित्त मंत्री अपने अनुभवों से संतुलित एवं सभी वर्गों के हित में बजट पेश करेंगे। मैं उम्मीद करता हूँ कि बहुत बढ़िया बजट रहेगा। उन्होंने कोरोना संकट से उभारते हुए राज्य की वित्त व्यवस्था को सेहतमंद बनाए रखा और देश भर में रिकवरी रेट बेहतरीन रहा। किसानों, मजदूरों, दुकानदारों व व्यापारियों आदि सभी का खास ध्यान रखा जाएगा।
विपक्ष ने कहा, खास उम्मीद नहीं
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बजट की पूर्व संध्या पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि बजट से उन्हें कोई खास उम्मीद नहीं, सरकार चारवाहक की नीति पर काम करते हुए कर्ज लेकर घी पी रही है।
कोरोना वैक्सीन को लेकर हो सकता है बड़ा एलान
कोरोना वैक्सीन को लेकर बजट में बड़ी घोषणा हो सकती है। कोरोना के कारण हुए वित्तीय नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने पांच हजार करोड़ से ज्यादा कर्ज लिया है। 12 हजार करोड़ से अधिक का आर्थिक नुकसान लॉकडाउन में हुआ, जिससे अब कम करते हुए आठ हजार करोड़ तक सरकार ले आई है।
किसानों पर भी रहेगा फोकस
इस बार बजट में किसानों का खास ख्याल रखा जाएगा। उनकी आय दोगुनी करने से जुड़ी घोषणाएं संभव हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं का बजट बढ़ने की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि इस बार बजट में समाज के अंतिम व्यक्ति को फायदा पहुंचाने वाली योजनाओं पर फोकस रहेगा। स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत करने के लिए इस क्षेत्र का बजट बढ़ाया जाएगा।
कर मुक्त बजट की तैयारी
हरियाणा की गठबंधन सरकार कर मुक्त बजट लाने की तैयारी में है, साथ ही मनोहर लाल कई रियायतों का भी एलान करेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को बतौर वित्त मंत्री अपना दूसरा बजट पेश कर रहे हैं। इस बार का बजट स्वास्थ्य, कृषि और अंत्योदय पर आधारित होगा। गठबंधन सरकार ने विधायकों, सांसदों व अन्य हितधारकों के सुझावों को शामिल करते हुए बजट तैयार किया है। इस पर कोरोना की छाप दिखना तय है। सीएम मनोहर लाल ने गुरुवार को वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद व अन्य अधिकारियों के साथ बजट पर चर्चा की थी। मुख्यमंत्री इस बार भी डिजिटल बजट पेश करेंगे। विधायकों को विधानसभा की तरफ से मिले टैब लाने को कहा गया है।