मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी समेत 300 नेताओं ने लिया हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली में हुए दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में हिस्सा लेने के बाद हरियाणा भाजपा की 300 सदस्यों की टीम वापस लौट आई है। अधिवेशन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनको चुनावी टिप्स दिए और ऊर्जा के प्रचार में उतरने का मंत्र दिया है। अब भाजपा की यह टीम इसे सभी जिलों और ब्लाक से लेकर गांव गांव तक पहुंचाएगी। हरियाणा से मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, राष्ट्रीय सचिव ओपी धनखड़ सहित समेत सरकार के मंत्री, विधायक और सांसदों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राष्ट्रीय अधिवेशन में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा रखे गए प्रस्ताव भाजपा देश की आशा और विपक्ष में निराशा का अनुमोदन किया। प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा भाजपा केंद्र से मिले लक्ष्य को पूरा कर दसों सीटें जीतेगी। लोकसभा में 51 प्रतिशत वोट प्राप्त करने के लिए जीत का इतिहास लिखेंगे।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा भाजपा के कार्यकर्ता गरीब कल्याण की नीतियों को लेकर घर-घर तक जाएंगे और मोदी तथा मनोहर सरकार की उपलब्धियों को बताएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा फोकस बूथ को और अधिक मजबूत करना है। अधिवेशन में जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है हरियाणा भाजपा उस पर आगे बढ़ते हुए 10 के 10 लोकसभा सीटें जीतकर 400 पार के नारे को सच साबित करने में अपना शत-प्रतिशत सहयोग देगी।