हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. अनिल जैन
- फोटो : फाइल फोटो
भाजपा आलाकमान ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के बीच चल रही खटपट में सीधा हस्तेक्षप किया है। विशेषाधिकार का प्रयोग करते हुए आलाकमान ने अधिकार क्षेत्र को लेकर छिड़ी लड़ाई में भी स्थिति साफ कर दी है। प्रदेश भाजपा प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अनिल जैन ने कहा है कि हरियाणा में सीएम मनोहर लाल ही सर्वेसर्वा हैं। जैन के बयान के स्पष्ट संकेत हैं कि सत्ता के केंद्र स्थापित करने के प्रयास न किए जाएं।
जैन ने पूरे मामले पर शुक्रवार को कहा कि उनकी मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज से बातचीत हो चुकी है। मामले को बढ़ा चढ़ाकर दिखाया जा रहा है, इसमें इतना बड़ा कुछ नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा में सरकार चल रही है और सरकार के सर्वेसर्वा मुख्यमंत्री ही रहते हैं।
गृहमंत्री के जो कार्य हैं, उन्हें वह कर रहे हैं, इसको लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है। किसी विषय में दोनों के बीच कहीं न कहीं कुछ संवादहीनता हुई होगी। जिसके चलते कुछ भ्रांतियां फैली। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से नागरिकता संशोधन कानून पर चर्चा हुई। उन्हें जनजागरूकता के लिए दूसरे राज्यों में भी जाने के निर्देश हुए हैं।
दिल्ली चुनाव को लेकर भी बातचीत हुई, जिसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। अनिल विज के बारे में नड्डा से बातचीत पर सीएम ने कहा कि कयास लगाने पर कोई टैक्स नहीं लगता, जितना लगाना चाहें, लगा सकते हैं। विज से आईपीएस के तबादलों को लेकर जो बात होनी थी, हो चुकी है। उनके बीच कोई समस्या नहीं है।