गठन के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सरकार ने हरियाणा विधानसभा का विशेष सेशन बुलाया, जो आज से शुरू हो गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खट्टर ने प्रदेश की 50 साल की उपलब्धियां गिनाईं। इसमें हिस्सा लेने के लिए गवर्नर कप्तान सिंह सोलंकी समेत सभी सांसद और विधायक पहुंचे। वहीं, कांग्रेस और इनेलो ने सेशन का बायकॉट किया।
हालांकि इनेलो विधायक सेशन में शामिल होने के लिए आए थे, लेकिन बाद में वे बाहर निकल गए। इस दौरान विपक्ष के नेता अभय चौटाला ने मीडिया से बातचीत की और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व विधायकों के ठहरने का इंतजाम न करने को लेकर सरकार की आलोचना की।
अभय एसवाईएल के मुद्दे को लेकर भी सरकार के खिलाफ बोले। अभय चौटाला ने कांग्रेस की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पूर्व फौजी रामकिशन ग्रेवाल की आत्महत्या के मामले में कांग्रेस राजनीति कर रही है।
वहीं, सेशन को लेकर कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि स्वर्ण जयंती समारोह किसी एक राजनीतिक पार्टी का नहीं है। इसमें सभी को हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और सिमी के मुद्दे पर बातचीत की और कहा कि इस मामले को कांग्रेस इसलिए उठा रही है, क्योंकि उनके पास मोदी सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ नहीं है।