सोनाली फोगाट ने भी दाखिल किया पर्चा
- फोटो : अमर उजाला
ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने सोनीपत की बरोदा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू मौजूद रहे। योगेश्वर दत्त ने हाल ही में दिल्ली में हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।
इसके बाद से ही इनकी टिकट पक्की मानी जा रही थी। योगेश्वर दत्त के साथ भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार संदीप सिंह ने भी भाजपा का दामन थामा था। भाजपा ने सरदार संदीप सिंह को कुरुक्षेत्र की पेहोवा सीट से बतौर उम्मीदवार उतारा है। योगेश्वर दत्त ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता हैं।
रोहतक में मनीष ग्रोवर तो अंबाला में विज ने किया नामांकन
रोहतक में मंत्री मनीष ग्रोवर और अंबाला में भाजपा नेता और हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने नामांकन पत्र भरा। वहीं अंबाला से ही पूर्व विधायक निर्मल सिंह बगावती तेवर अपनाते हुए निर्दलीय नामांकन किया है। निर्मल सिंह कांग्रेस से टिकट न मिलने की वजह से नाराज चल रहे हैं।
बागी हुए भाजपा विधायक
भारतीय जनता पार्टी ने रेवाड़ी विधायक का टिकट काटकर राव इंद्रजीत समर्थक सुनील मूसेपुर को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद से रेवाड़ी सियासी रण चल रहा है। शुक्रवार को बतौर निर्दलीय नामांकन भरने के बाद कापड़ीवास ने कहा कि पार्टी उनको टिकट देना चाहती थी, लेकिन राव इंद्रजीत ने उनके साथ धोखा कर अपने समर्थक को टिकट दिलाई। जबकि राव ने फोन कर कहा था कि बेटी को टिकट नहीं मिलने पर तुम्हारी पैरवी करेंगे।
हरियाणा विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक निपटे इसे लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह मुस्तैद है। इसी के चलते हरियाणा मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश के दो हजार बूथों पर पैनी नजर रखी जाएगी। आयोग मतदान वाले दिन इन दो हजार बूथों की वेब कास्टिंग करवाएगी। इसके लिए बाकायदा चंडीगढ़ में कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
आयोग के निर्णयानुसार इन सभी दो हजार बूथों पर कैमरे लगाए जाएंगे, जिनका लाइव कंट्रोल रूम में देखा जा सकेगा। यहां कंट्रोल रूम में निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी इन बूथों पर होने वाली गतिविधियों और हलचल पर पूरी निगाह रखेंगे। इन बूथों में कैमरे लगवाने के लिए संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों को भी निर्देश दिए जा चुके हैं।