चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता के दौरान गहलोत ने कहा कि मोदी-शाह की जोड़ी जिस ढंग से एक साजिश के तहत देश की राजनीति को भावनात्मक रूप देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, वो देश में प्रजातांत्रिक शासन प्रणाली के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि मोदी जी देश की बातें विदेश में जाकर करते हैं, चाहे चीन हो या अमरीका, परंतु हरियाणा विधान सभा के चुनावों में उन्होंने हरियाणा की कोई बात नहीं की।
मोदी जी ने इस बात की चर्चा भी नहीं की कि मनोहर सरकार की अयोग्यता के कारण पिछले पांच वर्षों में राज्य में कितने उद्योग बंद हुए हैं, कितनी बेरोजगारी बढ़ी है, किसानों को कितनी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है और महिलाएं एवं आम जनता किस भय के वातावरण में जी रहे हैं। गहलोत ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस का घोषणापत्र बहुत ही संतुलित है और मनोहर की सरकार तो केवल जुमलों की सरकार ही रही है।