हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 की तैयारियां जोरो-शोरों से चल रही है। इस बार करीब 1.83 करोड़ लोग मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल मतदाताओं की संख्या 1,82,98,714 है। इनमें 97,30,169 पुरुष व 84,60,820 महिलाएं, 239 ट्रांसजेंडर वोटर और सर्विस वोटर की संख्या 107486 है।
13-14 के बाद आचार संहिता, 2 नवंबर से पहले नई सरकार
हरियाणा सरकार के सूत्रों के अनुसार, 13-14 सितंबर के बाद किसी भी समय आचार संहिता लागू हो जाएगी और 2 नवंबर से पहले नई सरकार का गठन हो जाएगा। सरकार ने चुनाव आयोग को बताया है कि 15-16 के बाद अगर आचार संहिता लगती है तो फिर दिवाली से पहले नई सरकार का गठन नहीं हो पाएगा। इसलिए चुनाव तिथियां ऐसे घोषित की जाएं कि दिवाली से पूर्व प्रदेश में नई सरकार हो।
महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। महाविद्यालयों में छात्रों को भी जागरूक कर रहे हैं। इनकी आयु 18 से 19 वर्ष के बीच है, ताकि वे अपने मत का प्रयोग पहली बार कर सकें। यदि अभी तक किसी नागरिक का वोट नहीं बना है और वह 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु का हो गया है तो वह जल्द से जल्द अपना वोट बनवा लें।
फरीदाबाद, मेवात, पलवल, जींद, सिरसा, यमुनानगर और पंचकूला जिलों में महिला वोटरों की संख्या बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी महिलाओं को वोट बनवाने के लिए प्रेरित करेंगे। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हरियाणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय विशेष अभियान चलाएगा। बैठक में आयोग के महानिदेशक (चुनाव खर्च) दिलीप शर्मा भी उपस्थित रहे।