फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

70 साल से घुसपैठिए देश पर दाग, 2024 से पहले मुक्त होगा वतन: गृहमंत्री अमित शाह

Thu, 10 Oct 2019 01:46 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कैथल/लोहारू/महम (हरियाणा)
विज्ञापन
गृहमंत्री अमित शाह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

देश में एनआरसी (नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन) को लेकर मचे हल्ले और विपक्षी दलों के विरोध के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा की वीर भूमि से एलान कर दिया है वर्ष 2024 से पहले देश घुसपैठियों से पूरी तरह मुक्त होगा।

विज्ञापन


शाह ने दावा किया कि अगले लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार जब जनता से फिर ‘आशीर्वाद’ की अपील करेगी, तो देश में कोई घुसपैठिया मौजूद नहीं होगा। अमित शाह ने बुधवार को कैथल, भिवानी के लोहारू और रोहतक के महम में चुनावी रैली को संबोधित किया। इन रैलियों में उनका मुख्य जोर देश में एनआरसी लागू करने, अनुच्छेद 370 को खत्म करने और सेना के शौर्य पर रहा। 

अमित शाह ने देश में घुसपैठ के लिए कांग्रेस को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि 70 साल से घुसपैठिए देश पर दाग हैं और कांग्रेस ने इस समस्या का न केवल साथ दिया है, बल्कि इससे देश को जड़मुक्त करने के लिए आंखें मूंदें रखीं। जबकि मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा और अखंडता के प्रति अपना एजेंडा साफ कर दिया है कि जो भारत का नागरिक नहीं है, उसे देश से बाहर जाना होगा। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि सत्तर साल से देशवासियों के दिलों में कसक थी कि कश्मीर पूरी तरह भारत का हिस्सा नहीं है, मोदी सरकार ने आते ही अनुच्छेद 370 व 35 ए हटाया तो कांग्रेसियों को तकलीफ हो गई। देश में मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक को लेकर बहुत पीड़ित थीं, सरकार ने तीन तलाक के कलंक को देश से मिटाया तो कांग्रेसियों को तकलीफ हो गई। 

शाह ने कहा भाजपा जो भी करे, भले ही वह सही क्यों न हो, मगर कांग्रेसियों ने ठान रखी है कि उसका विरोध करना ही करना है। हम दिन कहेंगे तो कांग्रेसी उसे रात कहेंगे, हम उजाला कहेंगे, तो कांग्रेसी उसे अंधेरा कहेंगे।

शाह ने कहा कि कम से कम देशहित के मसलों पर तो दलगत राजनीति छोड़कर सभी को एक होना चाहिए। शाह ने नरसिम्हा राव और इंदिरा गांधी सरकार का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा इन सरकारों की अच्छी पहल व कार्यों का समर्थन किया है।

जवानों के सिर काट ले जाते थे पाकिस्तानी, दिल्ली उफ नहीं करती थी
गृहमंत्री ने कहा कि देश ने वह दौर भी देखा है जब हमारी सेना के वीर जवानों के सिर पाक सेना के जवान काटकर ले जाते थे और दिल्ली उफ तक नहीं करती थी। आज नया भारत है, पाकिस्तान ने उरी और पुलवामा अटैक किया और हमने उसका जवाब पाक सीमा में घुसकर एयर व सर्जिकल स्ट्राइक से दिया, आज इसका रोना पाकिस्तान दुनियाभर में रो रहा है। इसी के बदौलत आज दुनिया ने भारत को देखने का नजरिया बदल लिया है।

यह ‘मौनी’ नहीं मोदी की सरकार है
गृहमंत्री ने मंच से पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर भी हमलावर हुए। शाह ने कहा कि यह ‘मौनी बाबा’ की नहीं मोदी की सरकार है। शाह ने कहा विपक्ष हल्ला मचाता है कि मोदी विदेश में खूब घूमते हैं, लेकिन जब हमने विदेश यात्रा के आंकड़े खंगाले तो मालूम हुआ कि मोदी से ज्यादा मनमोहन विदेश घूमे हैं। फर्क इतना था कि मनमोहन के विदेश दौरे ऐसे होते थे कि उन्हें विदेश जाकर सिर्फ सोनिया मैडम द्वारा लिखे दो पन्ने पढ़कर लौटना होता था।
विज्ञापन

 कई बार तो ऐसा हो जाता था कि मनमोहन सिंह को जो पन्ना मलेशिया में पढ़ना होता था, उसे वे थाईलैंड में और जो थाईलैंड में पढ़ना होता था उसे मलेशिया में पढ़ आते थे। लेकिन आज यदि दुनिया में भी मोदी-मोदी होती है, तो यह उन सवा सौ करोड़ भारतीयों की ताकत है, जिसे लेकर मोदी विदेश जाते हैं।

शस्त्र पूजन देश की संस्कृति, कांग्रेसियों को तकलीफ क्यों 
अमित शाह ने विजयदशमी के दिन भारत को लड़ाकू राफेल विमान मिलने पर पीएम नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को देशवासियों की ओर से बधाई दी और कहा कि ऐसा पल जिसने देशवासियों को गौरवान्वित कर दिया, उस पल से कांग्रेसी बहुत तकलीफ में हैं।

शाह ने कहा कि विजयदशमी के दिन शस्त्र पूजन देश की संस्कृति है और इसी का पालन करते हुए राजनाथ सिंह ने फ्रांस की जमीन पर राफेल का शस्त्र पूजन किया, तो यहां कांग्रेसियों को तकलीफ हो गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें